विश्व प्रसिद्ध जिम कार्बेट नेशनल पार्क के लिए कोटद्वार से भी दरवाजा खुलने जा रहा है। अब पार्क में वन्यजीवों के दीदार के लिए सैलानी कोटद्वार से भी बुकिंग करा सकेंगे। अभी तक बुकिंग व्यवस्था रामनगर से ही हो रही थी। शासन ने कोटद्वार में बुकिंग सेंटर की स्थापना के लिए 25 लाख की धनराशि की पहली किश्त अवमुक्त कर दी है। उधर, मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी ने कहा कि कोटद्वार में कार्बेट का बुकिंग सेंटर खुलने से पर्यटकों को लाभ मिलने के साथ ही रोजगार के अवसर सृजित होने से स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
सैलानियों और वन्यजीव प्रेमियों की सुविधा के लिए कार्बेट पार्क जाने के लिए रामनगर के साथ ही कोटद्वार से भी प्रवेश शुरू किया गया। लेकिन, वर्तमान में बुकिंग व्यवस्था केवल रामनगर से ही हो रही है। इसे देखते हुए वहां पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्क का बुकिंग सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया। इस सेंटर की स्थापना के वन विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेजा, जिस पर 63.60 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
अपर सचिव वन सुशांत पटनायक के अनुसार 2011-12 के लिए 25 लाख की राशि अवमुक्त कर दी गई है। यह आधुनिक और पूरी तरह कंप्यूटरीकृत सेंटर लैंसडौन वन प्रभाग के परिसर में है।


Leave a comment