चारधाम यात्रा की तैयारियों के लिए एआरटीओ कार्यालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त एआरटीओ की तैनाती करने व चेक पोस्ट पर कर्मियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। यात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को ऋषिकेश में बैठक का आयोजन किया जाएगा।
चारधामयात्रा में हर साल करोड़ों श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं। सार्वजनिक परिवहन के साथ निजी व व्यावसायिक वाहनों से लोग यात्रा पर जाते हैं। यात्रा के दौरान बिना टैक्स चुकाए या प्राइवेट वाहनों में धड़ल्ले से यात्राएं होती हैं, जिससे उत्तराखंड को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ता है। परिवहन विभाग इनके खिलाफ अभियान चलाता है, लेकिन इन पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाता। इस बार एआरटीओ कार्यालय की ओर से कर्मचारी बढ़ाए जाने का प्रस्ताव बनाया गया है। एक अतिरिक्त एआरटीओ (प्रवर्तन) की तैनाती करने का प्रस्ताव है। विभाग की गोवर्धनपुर, नारसन, चिड़ियापुर व भगवानपुर में चेक पोस्ट है। जिसमें एक अधिकारी, एक बाबू व दो सिपाही तैनात होते हैं, इनकी संख्या दोगुनी करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि चौबीस घंटे वाहनों की जांच की जा सके। एआरटीओ (प्रशासन) द्वारिका प्रसाद ने बताया कि बुधवार को ऋषिकेश में यात्रा संबंधी बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें यह प्रस्ताव रखे जाएंगे।
32 वाहन सीज
हरिद्वार : नौ से ग्यारह फरवरी तक चले विशेष अभियान में परिवहन विभाग व पुलिस ने 32 वाहनों को सीज किया। इसमें बिना परमिट के दौड़ रहे 23 वाहन भी शामिल थे। बिना सीट बैल्ट बांधे चल रहे एक वाहन चालक व मोबाइल प्रयोग के दो मामलों में भी चालान किया गया।


Leave a comment