कांग्रेस अध्यक्ष व यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने फिर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तराखड में भाजपा के पांच वर्षो के शासन ने नई पीढ़ी का भविष्य अंधेरे में डाल दिया है। सड़क, शिक्षा, बिजली, रोजगार का जो असर दिखना चाहिए था, वह नहीं दिखा।
सोनिया गांधी शनिवार को एचएन बहुगुणा स्टेडियम में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि केंद्र ने कई आर्थिक पैकेज दिए, बड़ी-बड़ी योजनाएं दी, लेकिन भाजपा सरकार ने जनहित में ऐसा कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार पर आम जनता की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास पर ध्यान ही नहीं दिया गया। स्थिति यह है कि आज भी बिजली, सड़क व पानी से ग्रामीण महरूम हैं। एक भी नया उद्योग भाजपा के शासनकाल में नहीं लग पाया। कांग्रेस सरकार ने जो उद्योग लगाए थे, उन्हें भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। पलायन बेतहाशा बढ़ा है। महिलाओं व अनुसूचित जाति-जनजाति के पद रिक्त पड़े हैं। एससी, एसटी के रिक्त पदों पर भाजपा ने विशेष वर्ग के लोगों को भर दिया है। चारों ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यही कारण है कि भाजपा पांच वर्षो में मुख्यमंत्रियों को बदलने का ही काम करती रही। उन्होंने उत्तराखंड के प्रति कांग्रेस के लगाव का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रदेश में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना होगी। इसके साथ ही दो हजार गांवों में जैविक खेती की योजना अमल में लाई जाएगी। प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने की बात भी सोनिया गांधी ने कही। इस मौके पर सोनिया गांधी रेल लाइन का उल्लेख करना नहीं भूलीं। उन्होंने कहा कि टनकपुर-बागेश्वर रेलवे लाइन का सर्वे शुरू हो गया है, जबकि गढ़वाल की ऋषिकेश रेल लाइन का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है, इससे चार जिले जुड़ेंगे।


Leave a comment