Friday , 11 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पौड़ी में गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर गूंजा राष्ट्रसेवा का संदेश, छात्र-छात्राओं और युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा
उत्तराखंड न्यूज़पौड़ी गढ़वालसरोकार

पौड़ी में गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर गूंजा राष्ट्रसेवा का संदेश, छात्र-छात्राओं और युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा

पौड़ी गढ़वाल में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। कार्यक्रमों में पंत के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को याद किया गया। छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, गीत, कविता और लघु नाटिका के माध्यम से उनके जीवन को जीवंत किया। चित्रकला, निबंध, भाषण और युवा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

 

जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, प्राचार्य डॉ. वीके बंगा समेत अधिकारियों और विद्यार्थियों ने पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने चित्रों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।

जिला प्रशासन और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला कार्यालय परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। पंत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और प्रशासनिक योगदान को याद किया गया। नेहरू मोंटेसरी स्कूल पौड़ी की छात्राओं ने लोकनृत्य और गीत प्रस्तुत किए। जीजीआईसी पौड़ी की छात्राओं ने लघु नाटिका के जरिए उनके संघर्ष और राष्ट्रसेवा की यात्रा दिखाई। आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या-5 की बालिका ने कविता पाठ कर श्रद्धांजलि दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि पंत जी का जीवन त्याग, संघर्ष, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ प्रशासनिक और सामाजिक विकास में योगदान दिया। उनका जीवन युवा पीढ़ी को लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों को महान व्यक्तित्वों के जीवन और आदर्शों से परिचित कराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों से पंत के जीवन और योगदान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। सेंट थॉमस स्कूल की आयत अंसारी और राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली की दीपिका रावत ने सही उत्तर देकर पुरस्कार जीते। नगर के विद्यालयों में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। सीनियर चित्रकला में मानवी प्रथम, शादमानी द्वितीय और सक्षम रावत तृतीय रहे। निबंध में प्रियांशु जाटव प्रथम, पूनम द्वितीय और मानसी मन्द्रवाल तृतीय रहीं। भाषण में निहारिका प्रथम, मानव द्वितीय और दीपिका रावत तृतीय रहीं।

जूनियर चित्रकला में कार्तिक प्रथम, सौम्या जोशी द्वितीय और साफिया तृतीय रहीं। निबंध में किरन प्रथम, मिष्टी रावत द्वितीय और वंशिका डोभाल तृतीय रहीं। युवा कल्याण विभाग के डिजिटल युवा महोत्सव में भी युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। पुश-अप/स्क्वाट चैलेंज में जुबिन नौटियाल प्रथम, अक्षत द्वितीय और सार्थक बडोला तृतीय रहे। ‘माई उत्तराखण्ड माई प्राइड’ में अंजू रावत प्रथम, वंशिका नेगी द्वितीय और तनुजा रावत तृतीय रहीं। स्किपिंग में अरमान कुमार प्रथम, गौरी द्वितीय और साहिल तृतीय रहे। युवा फोटोग्राफी में मानसी नेगी प्रथम, विकास चन्द्र द्वितीय और तनुजा तृतीय रहीं। फिटनेस फिनाले में मुस्कान नेगी प्रथम, अक्षत द्वितीय और हिमांशु रावत तृतीय रहे। ‘वन मिनट वन स्किल’ में आयुष सिंह प्रथम, अंकित द्वितीय और सचिन सिंह तृतीय रहे।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देना समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार सहित अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – August 2026

HillMail Aug 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles