जिले में कक्षा छह, सात, आठ, नौ व 11 की वार्षिक गृह परीक्षाएं 15 फरवरी से लेकर 29 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। जबकि प्राथमिक स्तर की परीक्षाएं 14 मार्च से लेकर 22 मार्च तक कराई जाएगी। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस बार विभाग की कोशिश एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरूकरने की है।
वार्षिक गृह परीक्षाओं को लेकर संशय के बादल अब दूर हो गए हैं। शिक्षा निदेशक सीएस ग्वाल की ओर से कहा कि इस बार शैक्षिक पंचांग के अनुसार ही वार्षिक गृह परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने भी इस बार परीक्षा कार्यक्रम इस तरह का बनाया है कि मार्च में ही परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी। जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार भोज ने बताया कि कक्षा छह, सात, आठ, नौ व 11 की वार्षिक गृह परीक्षाएं 15 फरवरी से लेकर 29 फरवरी तक कराई जानी है। एक मार्च से इन उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा। 14 मार्च से लेकर 22 मार्च तक प्राथमिक स्तर की परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। यह परीक्षाएं बाल मैत्रीपूर्ण आधारित होगी। माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा की वार्षिक परीक्षा का परिणाम 31 मार्च को घोषित कर दिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस बार विभाग की कोशिश यही है कि आगामी एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू हो जाए। उल्लेखनीय है कि छह साल पूर्व शिक्षा विभाग ने सीबीएसई पैटर्न को पूरी तरह से स्वीकार कर लिया था, इस पैटर्न के मुताबिक एक अप्रैल से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत होनी है, लेकिन हर बार शिक्षा सत्र देरी से शुरू हो रहा है। बोर्ड परीक्षाएं ही अप्रैल में जाकर समाप्त होती थी।


Leave a comment