जनता को सूचना के अधिकार के बावजूद सूचनाएं हासिल करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। 30 दिन के भीतर सूचना मिलना तो दूर, विभागीय अपील में भी जानकारी प्राप्त नहीं हो रही। अफसर नए तरीके खोजकर लोगों को टहला रहे हैं।
ऐसी ही एक अपील की सुनवाई में सचिवालय के शिक्षा अनुभाग के अफसरों ने यह कहते हुए पास बनाने से इन्कार कर दिया कि दो लोगों को पास जारी नहीं किए जाएंगे। अपीलार्थियों ने सूचना आयोग में शिकायत की है।
आर.टी.आई. क्लब के मीडिया प्रभारी यज्ञभूषण की ओर से शिक्षा विभाग में नियुक्ति संबंधी एक घपले की शिकायत को लेकर सचिवालय स्थित माध्यमिक शिक्षा अनुभाग से 16 मार्च को सूचना मांगी गई थी। घपला मौखिक नियुक्ति से जुड़ा था, लिहाज अधिकारियों ने सूचना देने में आनाकानी शुरू कर दी। तय समय के भीतर सूचना न मिलने पर अपील की गई थी।
अपील की सुनवाई में मीडिया प्रभारी यज्ञभूषण व महासचिव एएस धुन्ता सचिवालय पहुंचे। उन्होंने भीतर प्रवेश के लिए पास की अर्जी दी, लेकिन अधिकारियों ने साफ कह दिया कि दो व्यक्तियों को पास जारी नहीं किए जाएंगे, जबकि आर.टी.आई. एक्ट में कहीं जिक्र नहीं है कि सुनवाई में सिर्फ एक ही व्यक्ति उपस्थित होना चाहिए। अधिकारियों ने हठी रवैये के खिलाफ आर.टी.आई. क्लब ने सूचना आयोग में शिकायत भेजी है।


Leave a comment