शिक्षा विभाग इस समय कंप्यूटर शिक्षा को लेकर बेहद गंभीर है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इसके लिए 23 जनवरी को बहादराबाद में बैठक बुलाई है।
जिले के कंप्यूटर शिक्षा की हालत किसी से छिपी नहीं है। कहीं पर कंप्यूटर सालों से खराब पडे़ हैं तो कहीं पर बिजली ही नहीं है। कहीं पर कंप्यूटर को ऑपरेट करने वाला ही नहीं है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए 23 जनवरी को आर्य इंटर कॉलेज बहादराबाद में एक बैठक बुलाई है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यो को निर्देश दिए हैं कि वह कक्षा एवं जातिवार छात्रों की संख्या लेकर बैठक में उपस्थित होंगे। बैठक में स्कूलों में स्थापित कंप्यूटर की संख्या, विद्युत कनेक्शन है या नहीं, जनरेटर की व्यवस्था के अलावा कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों की संख्या का ब्योरा जुटाया जाएगा। प्रधानाचार्यो को इस बात का भी ब्योरा देना होगा कि कंप्यूटर किस योजना के अंतर्गत एवं कब स्थापित किए गए हैं। खराब व चोरी किए गए कंप्यूटर की संख्या व की गई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी मांगी जाएगी। बैठक में माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा की फरवरी में होने वाली परीक्षाओं व बोर्ड परीक्षाओं को लेकर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त सभी के प्रधानाचार्यो को बुलाया है।


Leave a comment