उत्तराखंड के कई सुपरहिट गीतों में अपनी अदाकारी से लाखों दिलों में जगह बनाने वाले अभिनेता एवं रंगकर्मी जयपाल नेगी (ऱaipal Negi uttarakhand) नहीं रहे। दिल्ली स्थित आवास पर आज अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। सुबह करीब 6 बजे उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह किडनी संबंधित रोग से पीड़ित थे। महज 38 साल की आयु में अपने चहेते अभिनेता के इस तरह दुनिया को अलविदा कहने से उनके प्रशंसकों में शोक है।
उत्तराखंड के लोग सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। ‘पुष्पा छोरी पौड़ीखाल की…’ जैसे कई सुपरहिट गीतों में जयपाल नेगी ने अपने अभिनय से लोगों का अपना दीवाना बना लिया था। पौड़ी के संगलाकोटी से ताल्लुक रखने वाले जयपाल का परिवार इस समय दिल्ली में रहता है। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में ही किया जाएगा, जिसमें कई लोक कलाकार शामिल होंगे।
उत्तराखंड फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने अभिनेता जयपाल के निधन पर गहरा शोक जताया है। इस दुखद खबर के मिलने के बाद हिल मेल का लाइव शो ‘ई-रैबार’ आज स्थगित कर दिया गया है। आज के कार्यक्रम में अनुराधा निराला, रामेश्वर गैरोला और प्रमिला चमोली जी शामिल होने वाले थे।
उत्तराखंड के प्रख्यात अभिनेता एवं रंगकर्मी जयपाल नेगी के निधन के चलते हिल-मेल ने अनुराधा निराला और रामेश्वर गैरोला, प्रमिला चमोली के साथ रविवार शाम को अपने दोनों लाइव शो स्थगित कर दिए हैं।
– टीम हिल-मेल#raibar #uttarakhand @teerandaj @manjeetnegilive @Rjkaavya
— Hill Mail (@hillmailtv) May 24, 2020
आपको बता दें कि दो महीने पहले ही ‘पुष्पा छोरी..’ से प्रसिद्धि पाने वाली रीना रावत का निधन हो गया था। 12 मार्च को 38 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली थी।


Leave a comment