उत्तराखंड में कोरोना के मामले 300 के आंकड़े को पार कर गए हैं। सोमवार को सुबह में 9 और मामले सामने आए जिससे संक्रमितों की तादाद 326 पहुंच गई। चिंता की बात यह है कि अब मौतों की संख्या भी बढ़ने लगी है। प्रदेश में अब तक 4 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। पौड़ी के पाबौ ब्लॉक में क्वॉरंटीन सेंटर में जिस शख्स की मौत हुई थी, वह भी कोरोना पॉजिटिव निकला है।
थराली के देवलग्वाड़ में एक 25 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। युवक कुछ दिन पहले गुड़गांव से वापस लौटा था। पौड़ी के पाबौ ब्लॉक के क्वॉरेंटाइन सेंटर में भर्ती शख्स अस्थमा की बीमारी से पीड़ित था। 3 दिन पहले उसकी मौत हुई थी। मौत के बाद कोरोना जांच के लिए उसका सैंपल भेजा गया था जिसकी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है।
पढ़ें- फ्लाइट से उत्तराखंड आने वाले यात्री ध्यान दें, आपके लिए अनिवार्य है यह काम
इस तरह प्रदेश में कोरोना संक्रमित चौथे मरीज की मौत हो चुकी है। इससे पहले एम्स ऋषिकेश में भर्ती दो महिला मरीज और दून मेडिकल चिकित्सालय में भर्ती बिजनौर निवासी गर्भवती महिला की मौत हो चुकी है।
उत्तराखंड में रविवार को कोरोना के 73 नए मामले सामने आए थे। नैनीताल जिले में दूसरे दिन भी महाराष्ट्र से ट्रेन से आए 32 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। नैनीताल प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना मरीजों वाला जिला बन चुका है। सरकार ने हालात को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों को ऑरेंजन जोन घोषित कर दिया है। लोगों की टेंशन बढ़ रही है।
पढ़ें- उत्तराखंड में इंटरनेट का रोजगार से कैसा कनेक्शन?
ऐसे में सरकार ने लोगों को आश्वस्त किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है, प्रवासियों के आने से कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। सरकार को पहले इस बात की आशंका थी और ऐसे में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है।
मुख्य सचिव ने बताया है कि 2 लाख 47 हजार से अधिक लोगों ने उत्तराखंड वापस आने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, इनमें से 1 लाख 54 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न माध्यमों से वापस लाया जा चुका है। अगले कुछ दिनों में गुजरात, तेलंगाना, पुणे, दिल्ली, जयपुर से ट्रेन से प्रवासी लोगों को लाने की योजना तैयार की जा रही है। त्रिवेन्द्रम से एक स्पेशल ट्रेन हरिद्वार आएगी। चेन्नई से भी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। जयपुर से काठगोदाम भी प्रस्तावित है। सबको सरकार के निर्देशों का पालन करना है और कोरोना से बचाव के लिए सामाजिक दूरी और क्वारंटीन के नियमों का पालन करना अनिवार्य है।


1 Comment