यूपी के कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास दुबे की तलाश आसपास के कई राज्यों तक फैल गई है। सोमवार देर रात विकास के उत्तराखंड में घुसने का इनपुट मिलने से पुलिस प्रशासन अलर्ट है। हालांकि अभी पुलिस की ओर से औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन रातभर खबर फैलती रही कि बिजनौर में विकास दुबे को काले रंग की गाड़ी में देखा गया था और संभवतः वह पड़ोसी जिले हरिद्वार में घुस गया।
आपको बता दें कि पिछले कई दिनों से कानपुर कांड राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में है। विकास के रिश्तेदारों से लगातार पूछताछ हो रही है, उसके साथी पकड़े जा रहे हैं लेकिन अभी मुख्य आरोपी गिरफ्त से बाहर है। विकास की तलाश में 40 से ज्यादा टीमें दिन-रात दबिश दे रही हैं।
पढ़ें- टिहरी, रुद्रप्रयाग के बाद उत्तराखंड के 4 और जिले जीत रहे कोरोना से जंग
सोमवार रात में पता चला कि बिजनौर पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियों में विकास दुबे को देखा लेकिन वह चकमा देकर निकल गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तराखंड के नैनीताल समेत कई जिलों को अलर्ट कर दिया गया है। खबर है कि बॉर्डर के आसपास पुलिस प्रशासन को हथियारों के साथ बेहद सतर्क रहने को कहा गया है।
यूपी के बॉर्डर पर कई जगहों पर विकास दुबे के नाम के पोस्टर लगाए गए हैं। साथ ही उस पर इनामी राशि बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दिया गया है। आपको बता दें कि विकास दुबे को लेकर एमपी, बिहार और नेपाल सीमा पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस बीच, विकास दुबे के उत्तराखंड में घुसने की खबर को लेकर जब हिल-मेल ने सूबे के डीजी कानून-व्यवस्था अशोक कुमार से बात की तो उन्होंने कहा कि ऐसी अटकलें सोशल मीडिया पर ही लगाई जा रही हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से हमें कोई इनपुट नहीं मिला है लेकिन ऐहतियात के तौर पर बॉर्डर के इलाकों में चौकसी बरती जा रही है।


Leave a comment