उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार ने चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को भी राज्य में कोरोना संक्रमण के 411 नए मामले सामने आए। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,432 हो गई है। इस समय राज्य में कुल 3787 एक्टिव केस हैं। राज्य में रिकवरी रेट अब कुछ बढ़कर 62.02 हो गया है। हालांकि अभी 10054 सेम्पल की रिपोर्ट आना बाकी है ।
सबसे ज्यादा मामले हरिद्वार से सामने आए। यहां 143 नए संक्रमित मिले। इसके अलावा देहरादून से 82, नैनीताल से 49, टिहरी गढ़वाल से 39, अल्मोड़ा से 36, ऊधम सिंह नगर से 32, उत्तरकाशी से 10, पौड़ी से 9, चंपावत से 8, रुद्रप्रयाग से तीन केस मिले हैं। मंगलवार को 169 लोग पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल और कोविड केयर सेंटरों से डिस्चॉर्ज भी हुए। दो लोगों ने इलाज के दौरान दम भी तोड़ दिया।
हरिद्वार जिले में मिले 143 कोरोना मरीजों में से 36 संक्रमित के संपर्क में आने से वायरस की चपेट में आए हैं। 107 संक्रमितों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। देहरादून जिले में 82 संक्रमितों में 58 संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए जबकि 24 मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। नैनीताल जिले में 49 संक्रमितों में 35 संपर्क में आने से प्रभावित हुए। टिहरी जिले में 39 संक्रमित मरीज की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। अल्मोड़ा जिले में 36 संक्रमितों में 12 संपर्क और 24 कोरोना मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। ऊधमसिंह नगर जिले में 32 संक्रमितों में छह मरीज के संपर्क में आने से, तीन फ्लू क्लीनिक के चलते पॉजिटिव हुए जबकि 23 की ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार आज जांच रिपोर्ट में 6746 सैंपल नेगेटिव पाए गए।


Leave a comment