उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में काफी संभावनाए हैं। ऐसे में लोगों में साइकिलिंग को लेकर रुचि बढ़ाने और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के लिए एडवेंथ्रिल समय-समय पर साइकिल रेसों का आयोजन करता रहा है। देहरादून को सुंदर, हरा भरा और प्रदूषणमुक्त रखने के संदेश के साथ आगामी 11 अक्टूबर को देहरादून में टूर डी चामासारी रेस का आयोजन किया जा रहा है।
यह रेस 11 अक्टूबर को सुबह 6 बजे महाराणा प्रताप चौक रायपुर से शुरू होकर सहस्त्रधारा होते हुए चामासारी गांव में संपन्न होगी। रेस का मुख्य उद्देश्य कोरोना महामारी के दौर में पर्यटन तथा एडवेंचर गतिविधियों में पैदा हुए संकट को कम करना तथा लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित रहने का संदेश देना है।

एडवेंथ्रिल उत्तराखंड के ही युवाओं द्वारा संचालित साहसिक गतिविधियों जैसे – माउंटेनियरिंग , रॉक क्लाइम्बिंग, ट्रैकिंग, एमटीबी साइकिलिंग तथा वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी की कम्युनिटी है। यह उत्तराखंड ही नहीं पूरे हिमालयन क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कराने में कार्य कर रही है।
एडवेंथ्रिल के संस्थापक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि देहरादून में साइकिलिंग का चलन काफी तेजी से बढ़ा है। यह पहले के मुकाबले दोगुना हो गया है। लेकिन लोगों में साइकिलिंग के दौरान खुद की सुरक्षा को लेकर जागरुकता की कमी है। ज्यादातर नए साइकिलिस्ट हेलमेट का उपयोग ही नहीं करते। इसी को देखते हुए एडवेंथ्रिल ने पिछले दो हफ्तों से देहरादून के विभिन्न स्थानों पर साइकिल सुरक्षा अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया और अब टूर डी चामासारी के माध्यम से साइकिलिंग कम्युनिटी को और मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
टूर डी चामासारी में उत्तराखंड के कई नामी गिरामी साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। इनमें अर्जुन राठौर, रक्षित जोशी,अशोक लिम्बु , कर्नल (रिटा.) अनिल गुरुंग, कर्नल (रिटा.) मिलन मथ आदि शामिल हैं। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए महिलाओं को रेस में निशुल्क प्रवेश दिया गया है। इनमें देहरादून की जानी पहचानी साइकिलिस्ट सिम्मी परदाल, अंजलि भंडारी , सुदेशना महर आदि शामिल हैं। इस रेस के माध्यम से युवाओं में साइकिलिंग के प्रति रुचि जगाना और उन्हें एक अच्छा प्लेटफार्म प्रदान करना है।
टूर डी चामासारी में सभी साइकिलिस्टों तथा वालंटियर्स की सुरक्षा के मद्देनजर कोविड-19 की गाइडलाइन जैसे मास्क, शारीरिक दूरी तथा सैनेटाइजेशन का पूरा ध्यान रखा जाएगा। विजय प्रताप ने बताया की लोगों को प्रेरित करने के लिए हमारे साथ भारतीय ब्लाइंड फुटबॉल टीम के कोच नरेश सिंह नयाल बतौर रेस डायरेक्टर जुड़ेंगे। इस इवेंट में शुभेंद्र मोहन शाही, सैम भाटिया, ऋषभ गुप्ता अहम भूमिका निभा रहे हैं।


Leave a comment