Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ महाशिवरात्रि पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं पर बरसेंगे फूल, सीएम तीरथ सिंह का निर्देश किसी को न हो असुविधा
उत्तराखंड न्यूज़देहरादूनमहाकुंभ 2021

महाशिवरात्रि पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं पर बरसेंगे फूल, सीएम तीरथ सिंह का निर्देश किसी को न हो असुविधा

हरिद्वार कुंभ मेले में महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाले पहले शाही स्नान में श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाएंगे। नवोदित मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बीजापुर गेस्ट हाउस में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरी सावधानियों का पालन करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। आगंतुक श्रद्धालु गंगा जी में सुविधापूर्वक पवित्र स्नान कर सकें। संतों का सम्मान सबसे ऊपर है। कुंभ की दिव्यता और भव्यता सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को मिलकर प्रदेश को विकास की ओर ले जाना है। इसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारी अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करें। उत्तराखंड का विकास हम सभी का दायित्व है। सभी लोग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बंशीधर भगत, मुख्य सचिव ओमप्रकाश, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, श्रीमती मनीषा पंवार, प्रमुख सचिव आनंदवर्द्धन, आरके सुधांशु, सचिव अमित नेगी, नितेश झा, श्रीमती राधिका झा, दिलीप जावलकर, श्रीमती सौजन्या सहित शासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि का पावन पर्व शिव एवं शक्ति की आराधना का पर्व है। यह समाज को प्रेम एवं सद्भाव का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने इस पावन पर्व पर प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं समृद्धि की प्रार्थना की है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles