देश के सबसे बड़े दानदाता संगठनों में से एक हंस फाउंडेशन ने उत्तराखंड में आई आपदा में एक बार फिर मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। हंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं संरक्षक माताश्री मंगला और भोले जी महाराज की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आपदा पीड़ितों की मदद के लिए 5 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की गई है।
रविवार को मुख्यमंत्री आवास में वेबिनार के माध्यम से मुख्यमंत्री से वार्ता कर माता मंगला जी ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री धामी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि आपदा के इस संकट काल में पीड़ितों की मदद के लिए हंस फाउंडेशन आगे भी मदद के लिए राज्य सरकार का सहयोगी रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने माताश्री मंगला जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हंस फाउंडेशन द्वारा आपदा के समय ही नहीं बल्कि प्रदेश के विकास में भी सहयोग किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि इस धनराशि का पीड़ितों की मदद में बेहतर उपयोग किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आई आपदा के तुरंत बाद उन्होंने जनपद चमोली, पौड़ी, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर आदि के विभिन्न आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा पीड़ितों के दुःख दर्द में सहयोगी बनने के साथ ही उन्हें सांत्वना प्रदान की तथा राहत कार्यों में तेजी लाए जाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। राज्य स्तर पर भी आपदा राहत कार्यों की निरंतर समीक्षा की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा ग्रस्त क्षेत्रों के पुननिर्माण एवं पीड़ितों की मदद के लिए नियमों का भी शिथिलीकरण कर रही है। हमारा प्रयास है कि आपदा प्रभवित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी जैसी आधारभूत सुविधाएं बहाल हो इसके लिए दिनरात कार्य किया जा रहा है। इस आपदा में कृषि उपजों का नुकसान हुआ है। लगभग 10 हजार छोटे-बड़े पशुओं की हानि हुई है। व्यापारियों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
यह भी देखें – हंस फाउंडेशन की संरक्षक माताश्री मंगला के जन्मदिन पर उत्तराखंड को 14 डायलिसिस केंद्रों और 13 सचल अस्पतालों की सौगात
उन्होंने कहा कि आपदा के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हालात की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक मदद का भरोसा दिलाया। प्रधानमंत्री के निर्देश पर सेना के तीन हेलीकॉप्टर राहत कार्यों के लिए उपलब्ध कराए गए। संकट की इस घड़ी में प्रधानमंत्री ने हमारा मनोबल भी बढ़ाया है। गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद से रात डेढ बजे देहरादून आए तथा आपदा राहत कार्यों की समीक्षा के साथ आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर इसमें हुए नुकसान का भी जायजा लिया। राज्य को इस आपदा से हुए नुकसान के आंकलन के लिए केंद्रीय टीम भी पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, गुजरात आदि प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया है। प्रदेश में आयी इस आपदा में सहयोगी बनने के लिए सभी लोगों का सहयोग मिल रहा है। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार भी जताया है।



Leave a comment