मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीएमएस रोड स्थित वेडिंग प्वाईंट में आयोजित राइजिंग उत्तराखंड कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गायक जुबिन नौटियाल को सम्मानित करते हुए उन्हें पूरे उत्तराखंड की शान बताया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जुबिन के साथ बेडू पाको बारामास लोक गीत भी गाया।
इस अवसर पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्राण प्रण से प्रदेश की जनता की भलाई तथा प्रदेश के समग्र विकास के लिये कार्य कर रहे हैं। मुख्य सेवक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य हित में उनके द्वारा 400 से अधिक घोषणायें की हैं तथा उनके क्रियान्वयन से सम्बन्धित शासनादेश एवं आवश्यक धनराशि भी जारी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना के दो दशक के बाद अब उत्तराखंड युवा राज्य बन चुका है। पिछले दो दशकों में राज्य के विकास के लिये सतत् प्रयत्न किये गये हैं, जिनका असर धरातल पर दिखाई भी दे रहा है। इन दशकों में राज्य के विकास का आधारभूत ढ़ांचा बनाने के लिये भी कई पहलुओं पर प्रयोग हुए हैं। प्रदेश के सर्वागीण विकास के लिये एक दूरगामी योजना बनाने के लिये समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों एवं विषय विशेषज्ञों को सहयोगी बनाने का हमारा प्रयास है।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को 2025 तक सभी क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े महानुभावों के जो भी सुझाव प्राप्त होंगे, उनको ध्यान में रखते हुए आगे के लिए रोडमैप तैयार किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के मध्य परिसम्पितियों के निस्तारण में सहयोग के लिये उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि पिछले 21 सालों से उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी परंतु समाधान तक नहीं पहुंच पा रही थी। लेकिन दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ मुख्यमंत्री स्तर की बैठक में एक-एक करके परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर एक-एक बिंदु पर सहमति बन गई।



Leave a comment