देहरादून में गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग के शूटर को उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पंजाब पुलिस की टीम के साथ गिरफ्तार किया है, यह शूटर कबड्डी खिलाड़ी की हत्या करने के बाद फरार हो गया था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 5 अप्रैल की रात को दौणकलां पटियाला निवासी हरवीर सिंह ने अपने 6 साथियों के साथ मिलकर कबड्डी खिलाड़ी धरमिंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी और इसके बाद यह यह लोग फरार चल रहे थे।
उसके बाद थाना अर्बन स्टेट पटियाला में हरवीर सिंह सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को अंजाम देने के बाद से सभी बदमाश फरार हो गये थे। एसटीएफ पंजाब ने 14 अप्रैल को एसटीएफ देहरादून से बदमाशों की तलाश के लिए संपर्क किया था।
एसटीएफ देहरादून ने मामले की गंभीरता को समझते हुए 3-4 दिन में बाहर से आने वाले व्यक्तियों की तलाश के लिए सभी होटलों और अन्य जगहों से इस बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। एसटीएफ को सूचना मिली कि दो दिन पूर्व ही मांडूवाला, प्रेमनगर में एक लड़का बाहर से आकर रुका हुआ है।
उसके बाद एसटीएफ देहरादून व एसटीएफ पंजाब ने मांडूवाला में सामूहिक रूप से छापा मारा और बदमाश हरवीर को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने हरवीर से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी जुगनू के साथ रंजिश चल रही थी। रंजिश के चलते 5 अप्रैल को जुगनू ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया तो हरवीर ने भी अपने छह-सात साथियों को बुलाया था।
उसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें धरमिंद्र सिंह भिंदा की पीठ में गोली लग गई और उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद हरवीर अपने अन्य साथियों के साथ चंडीगढ़ पहुंच गया, जहां से सभी लोग अलग-अलग जगह निकल गए। हरवीर बस से देहरादून आया और देहरादून में एकांत जगह की तलाश करते हुए मांडूवाला में आकर रुक गया।
एसएसपी ने बताया कि हरवीर गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के गैंग का सदस्य है जोकि वर्तमान में तिहाड़ जेल दिल्ली में बंद है। हरवीर को मांडूवाला में पकड़ लिया गया और उसके बाद उसे एसटीएफ पंजाब के हवाले कर दिया गया।


Leave a comment