उत्तराखंड के चारधाम यानि कि बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के कपाट खुलने पर यहां पर इस बार पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से होगी। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई चारधाम यात्रा की समीक्षा बैठक में इस बात की जानकारी दी गई। उन्होंने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के सत्कार और प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा जाए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित होना चाहिए कि किसी भी क्षेत्र में वहां की वहन क्षमता से अधिक यात्रियों का प्रवेश न हो। इस बात की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने भूस्खलन व मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों का विकल्प खुला रखने पर भी जोर दिया। सतपाल महाराज ने जोर देकर कहा कि यात्रियों के लिए मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग अनिवार्य होगा।
सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा में किसी प्रकार की लापरवाही और अव्यवस्था सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि यात्रा के दौरान सत्कार और प्रबंधन के मामले में किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं होनी चाहिए, उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी लापरवाह पाया जायेगा उसके खिलाफ सख्त कदम उठाये जायेंगे।
बैठक के दौरान पर्यटन मंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए जगह-जगह संकेतांक की भी व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों के पंजीकरण के लिए टूरिस्ट सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (टीएसएमएस) अनिवार्य है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में तीर्थ यात्रियों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर स्थित होटल, ढाबों में भोजन व आवासीय सुविधा के लिए किसी भी यात्री से अधिक धनराशि न वसूली जाए। अगर किसी भी होटल या ढाबे से ऐसी शिकायत मिलेगी तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जायेगा।


Leave a comment