Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ केदारनाथ यात्रा में हो रही परेशानियों को लेकर डाॅ धन सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक की
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बर

केदारनाथ यात्रा में हो रही परेशानियों को लेकर डाॅ धन सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक की

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वहां हो रही अववस्था को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैबिनेट के दो मंत्रियों को चारधाम यात्रा में हो रही परेशानियों को दूर करने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने धन सिंह रावत को केदारनाथ और सुबोध उनियाल को बदरीनाथ की जिम्मेदारी दी है। जिम्मेदारी दिये जाने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डाॅ धन सिंह रावत ने जनपद को भ्रमण किया और उन्होंने विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चैधरी, केदारनाथ शैला रानी रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, अध्यक्ष जिला पंचायत अमरदेई शाह एवं अन्य नेताओं और अधिकारियों के साथ बैठक की।

इस अवसर पर मंत्री द्वारा केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन हेतु की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग व सफलता पूर्वक संचालित करने का सरकार का मुख्य उद्देश्य है तथा आने वाले तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिए जिस स्तर से जो भी व्यवस्थाएं की जानी है वह ठीक ढंग से सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी तीर्थ यात्री को कोई परेशानी न हो।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि केदारनाथ यात्रा में आने वाले तीर्थ यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधा में किसी तरह की कोई कमी न हो इसके लिए उन्होंने यात्रा मार्ग के हर पड़ाव पर पोर्टेबल आॅक्सीजन सिलेंडर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने केदारनाथ दर्शन करने आ रहे तीर्थ यात्रियों की संख्या के आधार पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त दवा रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी यात्री को दवा की कोई कमी न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि केदारनाथ धाम में यदि किसी तीर्थ यात्री का स्वास्थ्य खराब हो जाता है तो उसके लिए तत्काल हैली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

धन सिंह रावत ने पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग में संचालित हो रहे घोड़े-खच्चरों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा किसी भी दशा में अनफिट घोड़े-खच्चरों का यात्रा मार्ग में संचालन न किया जाए तथा रोटेशन के आधार के पर ही घोड़े-खच्चरों का संचालन हो। उन्होंने जल संस्थान को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग में यात्रियों के लिए पेयजल की बेहतर सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा यदि कोई पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होती है तो उसका मरम्मत कार्य त्वरित गति से किया जाए।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि केदारनाथ धाम में आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए उचित आवास व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग एवं खाद्य पूर्ति विभाग को निर्देश दिए हैं कि किसी भी दशा में ओवर रेटिंग एवं खाद्य सामग्री में किसी प्रकार की कोई मिलावट न हो इसके लिए चैकिंग अभियान व सैंपलिंग सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को दुरस्त रखने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार से जाम की स्थिति न होने पाए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्किंग स्थल पर विद्युत, पानी, शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोनिवि को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग में जो भी कार्य किया जा रहा है उन कार्यों को प्राथमिकता से करें तथा जिन क्षेत्रों में गड्ढे एवं डामरीकरण किया जाना है वह कार्य तत्परता से किया जाए ताकि वाहनों की आवाजाही में कोई दिक्कत एवं जाम की स्थिति न हो।

उन्होंने यात्रा मार्ग में संचालित हो रहे शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था के साथ-साथ यात्रा मार्ग की भी सफाई व्यवस्था भी निरंतर करने के निर्देश दिए तथा यात्रा मार्ग में अतिरिक्त शौचालय बनाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक से पूर्व मंत्री द्वारा रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक संबंधित अधिकारियों के साथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गुप्तकाशी जीएमवीएन में संचालित हो रहे हैली बुकिंग टिकट काउंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को रोटेशन के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद आगमन पर मंत्री का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया तथा केदारनाथ यात्रा के संबंध में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाअें के संबंध में अवगत कराया गया साथ ही मंत्री द्वारा बैठक में दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारियों से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...