केदारनाथ धाम समेत पैदल मार्ग व पड़ाव स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत बुधवार को 10 क्विंटल कूड़ा एकत्रित कर निस्तारण के लिए भेजा गया।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सुलभ संस्था, जिला पंचायत एवं नगर पंचायत केदारनाथ को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए थे, ताकि केदारनाथ धाम व यात्रा मार्ग साफ एवं स्वच्छ रहे और पर्यावरण को भी नुकसान न हो।
नगर पंचायत केदारनाथ एवं सुलभ संस्था के तत्वावधान में 20 कार्मिकों की टीम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। जिसमें केदारनाथ धाम में सरस्वती नदी एवं मंदाकिनी नदी में 10 क्विंटल कूड़ा एकत्रित किया गया। जिसका उचित निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही सुलभ संस्था के द्वारा घोड़ा पड़ाव में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा जिला पंचायत द्वारा यात्रा मार्ग में भीरी, चंद्रापुरी, नारायणकोटि, गुप्तकाशी, शेरसी, फाटा, सोनप्रयाग में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।


Leave a comment