विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय को हिमालयी शैक्षिक उत्कृष्टता अवार्ड 2022 के अंतर्गत ‘बेस्ट इस्टेट गवर्मेंट इंजीनियरिंग कालेज ऑफ द ईयर’ घोषित करते हुए अवार्ड प्रदान किया गया। यह अवार्ड प्रदेश के सभी गवर्मेंट इंजीनियरिंग कालेज के मध्य हुए सर्वे के उपरांत महाविद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता एवं संसाधनों के आधार पर देहरादून में आयोजित तृतीय देहरादून इंटरनेशनल साईंस एण्ड टैक्नोलॉजी फेस्टिवल में माननीय तकनीकी शिक्षा मंत्री, सुबोध उनियाल की संस्तुति के उपरांत एन. रविशंकर, सेवानिवृत्त आई.ए.एस. द्वारा प्रदान किया गया।
प्रौद्योगिक महाविद्यालय के विद्यार्थी देश-विदेश में प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न व्यवसायिक संस्थानों के प्रमुख पदों पर कार्यरत हैं तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। विगत वर्षों में टीक्यूप-।।। परियोजना के माध्यम से महाविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं को नवीनतम आधुनिक तकनीकीयुक्त नए उपकरणों से सुसज्जित करते हुए अपग्रेड किया गया है।
इस अवसर पर प्रौद्योगिक महाविद्यालय की ओर से विभागाध्यक्ष, इंडस्ट्रीयल एण्ड प्रोडक्षन इंजीनियरिंग, डा. अजय, प्राध्यापक, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, डा. डी.एस. मूर्ति, प्राध्यापक, इरीगेशन एण्ड ड्रेनेज इंजीनियरिंग, डा. हरीश चन्द्र एवं सहायक प्राध्यापक, सिविल इंजीनियरिंग, डा. संजीव सुमन, कार्यक्रम में उपस्थित रहे तथा सम्मान प्राप्त किया।
इस अवसर पर कुलपति, डा. मनमोहन सिंह चौहान द्वारा अधिष्ठाता प्रौद्योगिक महाविद्यालय डा. अलकनंदा अशोक एवं महाविद्यालय के समस्त विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्यों, कार्मिकों एवं विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए इस सम्मान को विश्वविद्यालय हेतु एक गौरवान्वित उपलब्धि बताया तथा भविष्य में इसे बनाए रखने के लिए शुभकामनाएं दी।


Leave a comment