प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का आज 100 साल की उम्र में निधन हो गया. पीएम मोदी ने ट्वीट करके उनके निधन की जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है. पीएम मोदी ने इस साल अपनी मां के 100वें जन्मदिन के पलों को भी याद किया. पीएम मोदी की मां की अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए. पीएम मोदी ने अपनी मां हीरा बेन के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और मुखाग्नि दी.
हीरा बेन के निधन की खबर मिलते ही श्रदांजलि देने का तांता शुरू हो गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा का सौ वर्षों का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदर्शों का प्रतीक है. श्री मोदी ने ‘#मातृदेवोभव’ की भावना और हीराबा के मूल्यों को अपने जीवन में ढाला. मैं पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं. परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं!
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री श्री @narendramodi की माताश्री, हीरा बा के निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है. एक मां का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन में ऐसी शून्यता लाता है, जिसकी भरपाई असंभव है. दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्रीजी और उनके पूरे परिवार के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. ऊं शांति!
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शुक्रवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके त्यागपूर्ण तपस्वी जीवन को हमेशा याद किया जाएगा. केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूज्य माताजी हीरा बा के स्वर्गवास की सूचना अत्यंत दुःखद है. मां एक व्यक्ति के जीवन की पहली मित्र और गुरु होती है जिसे खोने का दुःख निःसंदेह संसार का सबसे बड़ा दुःख है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी हीरा बा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए बाबा केदार से प्रधानमंत्री व उनके समस्त परिवारजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति व दिव्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की कामना की है.


Leave a comment