इस दुर्घटना में ऋषभ पंत का घुटना और टखना बुरी तरह चोटिल हो गया था। अब उम्मीद की जा रही है कि पंत भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के ऑर्थोपेडिक डॉक्टर दिनशॉ परदीवाला की देखरेख में रहेंगे। अगर सर्जरी की सलाह दी जाती है तो फैसला किया जाएगा कि यह ब्रिटेन या अमेरिका में होगा।
बीसीसीआई से एक केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर होने के कारण उनकी चोट का इलाज बोर्ड का विशेषाधिकार है। अभी तक उनके घायल घुटने और टखने का एमआरआई नहीं किया जा सका क्योंकि काफी सूजन थी। हालांकि यह समझा जाता है कि केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर के लिए किसी भी खेल संबंधी चोट का उपचार बीसीसीआई के तय डॉक्टरों द्वारा किया जाएगा और डॉक्टर नितिन पटेल के नेतृत्व में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में खेल और चिकित्सा विज्ञान टीम की देखरेख में रिहैबिलिटेशन होगा।
ऋषभ पंत के साथ यह दुर्घटना तब हुई जब वह दिल्ली से अपने घर रूड़की आ रहे थे। वह दिल्ली से अकेले ही अपने घर के लिए रवाना हुए थे और अपने परिवार को बिना बताये ही घर पहुंचना चाहते थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और वह कार दुर्घटना में घायल हो गये। लेकिन भगवान की कृपा से वह अब खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज अच्छे से अच्छे अस्पताल में किया जा रहा है।


Leave a comment