उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विकास के लिए केंद्रीय बजट में 5004 करोड़ रूपये का प्रावधान किए जाने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि इससे राज्य में रेल सुविधाओं का विस्तार होगा, यात्री सुविधाओं में वृद्धि होगी। प्रदेश में 11 प्रमुख रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि देहरादून और हरिद्वार रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय रूप भी दिया जाएगा। रेल सुविधाओं को लेकर किए गए प्रावधानों से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना राज्य के स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह रकम वर्ष 2009-14 की तुलना में 27 गुना अधिक है। वर्ष 2009-14 में यह महज 187 करोड़ रुपये था। इस बजट से देहरादून और हरिद्वार को वर्ल्ड क्लास स्टेशन के तौर पर विकसित करने की योजना है।
उत्तराखंड को मिला तीन गुना अधिक रेल बजट
आम बजट-2023 में रेल परियोजनाओं के लिए उत्तराखंड को पड़ोसी राज्यों की तुलना में कई गुना अधिक बजट मिलेगा। पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश को 1538 करोड़, पंजाब को 4762 करोड़, हरियाणा को 2247 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। उत्तराखंड का बजट बढ़ाए जाने के बाद ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन समेत अन्य परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी।

इन स्टेशनों पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
देहरादून और हरिद्वार के अलावा राज्य के नौ अन्य रेलवे स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जायेगा। जिसमें काशीपुर, लालकुआं, रामनगर, टनकपुर, किच्छा, काठगोदाम, हर्रावाला, रुड़की और कोटद्वार है इन रेलवे स्टेशनों पर लिफ्ट के साथ स्वचालित सीढ़ियां भी लगाई जाएंगी। बिल्डिंग का कायाकल्प, प्लेटफार्म का विस्तारीकरण, आधुनिक शौचालय, यात्री विश्राम गृह, वाटर एटीएम बूथ आदि का निर्माण किया जायेगा।


Leave a comment