कनाडा के मैनिटोबा विश्वविद्यालय एवं गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के बीच प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के संबंध में कुलपति डा. मनमोहन सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक बैठक कुलपति सभागार में 18 अप्रैल 2023 को आयोजित की गयी। बैठक के दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अनुसंधान संबंधित, छात्र एवं संकाय आदान-प्रदान, संगोष्ठी, कार्यशालाओं, सम्मेलनों, प्रशिक्षणों आदि के आयोजन जैसे संभावित विषयों पर चर्चा की गयी। चर्चा के दौरान कुलपति द्वारा दोनों विश्वविद्यालयों के उपरोक्त संदर्भित विषयों पर हो रहे प्रयास पर प्रसन्नता व्यक्त की गयी और उनके द्वारा आशा की गयी कि इस पहल के दूरगामी परिणाम होंगे।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में इंटरनेशनल अफेयरस के निदेशक, डा. एच.जे. शिव प्रसाद द्वारा विश्वविद्यालय की सुविधाओं, बुनियादी ढांचे एवं विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे शोध कार्यों के बारे में संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव सहित विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशकों द्वारा संक्षिप्त परिचय के बाद मैनिटोबा विश्वविद्यालय के सह अधिष्ठाता (एकेडमिक एवं स्नातक कार्यक्रम) प्रो. जितेन्द्र पालीवाल तथा अधिष्ठाता कृषि और खाद्य विज्ञान, प्रो. मार्टिन स्कैनलोन द्वारा मैनिटोबा विश्वविद्यालय में विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे शोध एवं एकेडमिक कार्यक्रमों के बारे में संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण किया गया। यह गर्व की बात है कि प्रो. पालीवाल पंतनगर विश्वविद्यालय के ही एल्युमिनस है। प्रतिनिधिमंडल को डा. जे.पी. जायसवाल, निदेशक संचार और सचिव, एल्यूमिनी एसोसिएशन (4ए) द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल द्वारा उद्यान अनुसंधान केन्द्र, पत्थरचट्टा, नॉ.इ.बो. फसल अनुसंधान केन्द्र, पुष्प अनुसंधान केन्द्र, विश्वविद्यालय पुस्तकालय, पोस्ट हार्वेस्ट, खाद्य प्रसंस्करण विभाग आदि का भी भ्रमण किया गया।
इससे पूर्व 17 अप्रैल 2023 को राष्ट्रीय कृषि उच्च शिक्षा परियोजना (नाहेप) के अन्तर्गत छात्रों/संकाय विनिमय कार्यक्रम के संबंध में डा. शिवेन्द्र कुमार कश्यप, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय एवं पीआई, आईडीपी-नाहेप के साथ डा. एस.के. गुरू, नोडल अधिकारी (एकेडमिक) आईडीपी-नाहेप एवं डा. एच.जे. शिव प्रसाद, निदेशक, इंटरनेशनल अफेयरस तथा प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तार से चर्चा की गयी। विश्वविद्यालय के लगभग 20 स्नातक विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को शिक्षण एवं शोध हेतु विश्वविद्यालयों के बीच आदान-प्रदान करने की सहमति बनी। डा. एन.सी. शाही प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष पोस्ट हार्वेस्ट एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा 30 दिनों के लिए फैकल्टी एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत मैनिटोबा विश्वविद्यालय का भ्रमण किया गया।


Leave a comment