प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 12 अक्टूबर को प्रस्तावित पिथौरागढ़ भ्रमण के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री खुद स्थिति का जायजा लेने के लिए यहां पहुंच गये हैं और उनकी देखरेख में सारी तैयारियां चल रही है। उन्होंने नैनी सैनी एयरपोर्ट पर वायुयान लैंडिंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके बाद उन्होंने जनसभा स्थल पिथौरागढ़ स्थित एसएस वल्दिया स्पोटर्स स्टेडियम में मंच व्यवस्था, सीटिंग अरेंजमेंट, साउंड व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, टेंट, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं त्रुटि रहित और समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह उत्तराखंड दौरा देवभूमि के विकास को और गति देने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न धार्मिक पर्यटन क्षेत्रों को भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान देने का कार्य करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जागेश्वर धाम जाने का भी कार्यक्रम है इसको देखते हुए अल्मोड़ा जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में बाहरी व्यक्तियों की एंट्री भी पूरी तरह से बैन कर दी गई है। जागेश्वर धाम में 12 अक्टूबर तक किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। पीएम की सुरक्षा को लेकर एसपीजी सहित स्थानीय पुलिस तैयारियां में लगी हुई है।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, जिलाधिकारी रीना जोशी, मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Leave a comment