Home उत्तराखंड न्यूज़ हरिद्वार में नितिन गडकरी ने 4,750 करोड़ रुपये की 30 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं दी सौगात
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरदेहरादून

हरिद्वार में नितिन गडकरी ने 4,750 करोड़ रुपये की 30 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं दी सौगात

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पावन धाम के निकट आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों के लोकार्पण शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीन किलोमीटर लम्बे दूधाधारी एलिवेटेड फ्लाई ओवर का लोकार्पण तथा श्यामपुर रेलवे फाटक के निकट वैली ब्रिज के साथ 4 लेन चौड़ीकरण एवं कॉजवे के निर्माण का शिलान्यास सहित 4750 करोड़ रूपये की लागत के 30 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने इस अवसर पर हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण की 409 लाख रूपये की लागत की दो परियोजनाओं-हरिद्वार में ऊंची शिवमूर्ति के समीप केबल ब्रिज पर डायनमिक स्थाई फसाड विद्युत सौन्दर्यीकरण का कार्य व शंकराचार्य चौक के समीप स्पोर्ट्स जोन का विकास एवं सौन्दर्यीकरण के कार्य का उद्घाटन किया।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि श्यामपुर फाटक आरओबी आदि का तीन महीने के अन्दर टेंडर निकाल कर कार्य प्रारम्भ कर देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में वर्ष 2016 में 2 हजार 517 किमी राष्ट्रीय मार्ग था जो वर्ष 2024 में बढ़कर 3608 किमी पहुंच गयी है। उन्होंने कहा कि हमने उत्तराखंड में 16 हजार करोड़ रूपये के रोपवे मंजूर किये हैं। उत्तराखंड में जो भी सड़कें बनेंगी, वे राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की होंगी। उन्होंने घोषणा कि त्यूनी-चकराता-मसूरी-टिहरी-मलेठा तीन हजार करोड़ की लागत से 315 किमी टू लेन 2024 तक बन जायेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल परिवहन को आसान बनाएंगी बल्कि ऋषिकेश से भारत-चीन सीमा तक बेहतर कनेक्टिविटी भी प्रदान करेंगी। फ्लाईओवर से धार्मिक नगरी हरिद्वार में ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आज जिन 28 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उनके निर्माण से उत्तराखंड विकास की तेज गति हासिल करेगा। चारधाम मार्गों पर श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी। उत्तराखंड की अन्य राज्यों से कनेक्टिविटी बढ़ने से आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का हार्दिक स्वागत व अभिनन्दन करते हुये कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में सड़कों आदि के क्षेत्र में अनेक काम उत्तराखंड में होने के साथ ही पूरे देश में कनेक्टविटी के क्षेत्र में एक क्रान्ति आई है। उन्होंने कहा कि मानव सभ्यता की यात्रा के लिये सड़कों का निर्माण अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पूरे देश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, जिसकी वजह से सभी की यात्रा अब सुगम होती जा रही है।

उन्होंने कहा कि हमारे शहर अब तेजी से आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बन रहे हैं और इसी के दृष्टिगत हम निरंतर अपने शहरों को भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं। युवा उत्तराखंड अब एक नए जोश और एक नई उमंग के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है और हम उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए अपने विकल्प रहित संकल्प को लेकर निरन्तर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हम इस लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का देश के सामाजिक एवं सामरिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण योगदान है, क्योंकि मानव सभ्यता की यात्रा के लिए सड़कों का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में एक महत्वाकांक्षी परियोजना प्रारंभ करना और उसे समय पर पूरा करना एनएचएआई के लिए एक सामान्य बात बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपका काम सिर्फ सड़कें, ओवरब्रिज, अंडर पास बनाकर एक जगह को दूसरी जगह से जोड़ना नहीं है, बल्कि आपको अपने कार्यों से लोगों के दिलों को भी जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि निर्माण ऐसा होना चाहिए जो जनता के लिए, जनता का और जनता द्वारा की भावना से प्रेरित हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मैं, कहूं कि एनएचएआई आज सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास हेतु एक मजबूत स्तंभ बन चुका है तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आज ही 47 सौ करोड़ रुपए लागत की 28 परियोजनाओं का भूमि पूजन और 2 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद उत्तराखंड विकास पथ पर अग्रसर होने के साथ ही देवभूमि की तरह ही डेवलप भूमि कहलायेगा।

उन्होंने कहा कि पहले हरिद्वार से देहरादून जाने में ढाई से तीन घंटे का समय लगता था, परन्तु अब यही समय घटकर 45 से 50 मिनट हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा उत्तराखंड भी प्रधानमंत्री द्वारा जलाए गए विकास के दीप से निरंतर प्रकाशमान हो रहा है। राज्य में चारधाम ऑल वेदर सड़क परियोजना के एक बड़े हिस्से का निर्माण हमने पूरा कर लिया है जिससे हम श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बना पाए हैं। छोटा राज्य होने के बावजूद उत्तराखंड में आज 21 हाईवे और 69 स्टेट हाईवे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन गडकरी के नेतृत्व में देश में 38 से 39 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रतिदिन होना यह दर्शाता है कि किस तरह देशभर में रोड कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। यदि उत्तराखंड की बात करें तो हम प्रतिदिन 4.14 किमी सड़क का निर्माण कर रहे हैं।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए रामशरण नौटियाल, जुबिन नौटियाल के पिता हैं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष

उत्तराखंड की राजनीति में सोमवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। देहरादून...

उत्तराखंड में अगले चार महीने में 2000 पदों पर भर्ती की तैयारी, UKSSSC का परीक्षा कैलेंडर जारी

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण...