जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी का अभिनंदन करते हुए देवभूमि उत्तराखंड को नमन किया। उन्होंने कहा पूरे उत्तराखंड को देवताओं का आशीर्वाद है। इस धरती ने वीर सपूतों को जन्म दिया है, ये शौर्य और पराक्रम की भूमि है। बड़ी संख्या में सैनिक उत्तराखंड की धरती से निकलते हैं। उन्होंने कहा मेरा, हमारी पार्टी एवं प्रधानमंत्री जी का सैनिकों के प्रति विशेष लगाव है। हमारी सरकार ने वन रैंक वन पेंशन की व्यवस्था लागू की। कांग्रेस ने वर्षों तक पूर्व सैनिकों को बस ओ.आर.ओ.पी का आश्वासन दिया। वन रैंक वन पेंशन के तहत अब तक 1 लाख करोड़ पूर्व सैनिकों को हस्तांतरित कर दिए गए हैं। जो त्याग, बलिदान सैनिक देते हैं, वो बहुमूल्य है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने सीमा में बसे गांवों को अंतिम गांव बताकर उनका विकास नहीं किया, पर प्रधानमंत्री जी ने सीमांत गांव को पहला गांव बताकर उनमें बुनियादी ढांचों का विकास किया। उन्होंने कहा हमारी सरकार बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत का कद ऊंचा हुआ है। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोल कर सुनती है। आज भारत विश्व की 11 वें स्थान की अर्थव्यवस्था से 5वें स्थान पर आ गया है और 2027 तक भारत विश्व की तीसरी बड़ा आर्थिक शक्ति बन जाएगा।
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में डबल रफ्तार के साथ उत्तराखंड का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा भारत के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा आज कोई दुश्मन देश यदि भारत को आंख दिखाता है तो उससे बड़ी आंख भारत दुश्मन देश को दिखाता है। भारत ने हमेशा से अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे रिश्ते बनाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा अटल बिहारी वाजपेई कहा करते थे – जिंदगी में दोस्त बदल जाते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं बदलता। इसलिए पड़ोसियों के साथ अच्छे रिश्ते बनाकर रखने चहिए। उन्होंने कहा हम सभी से अच्छे रिश्ते बनाने की कोशिश करते हैं। लेकिन हमारी कोशिश को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है वो करती है। हमने हर घोषणा पत्र में किए वादों को पूर्ण किया है। 1984 से भाजपा अपने घोषणा पत्र में कहती थी कि सदनों में बहुमत मिलने के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। जनता ने संसद के दोनों सदनों में भाजपा को बहुमत दिया और आज अयोध्या की धरती पर भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। प्रभु श्रीराम अपनी झोपड़ी से निकलकर भव्य महल में प्रवेश कर चुके हैं, भारत में राम राज्य आने का यह शुभ संकेत है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि आज की कांग्रेस के लोग एक दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राजनीति की पिच पर एकदम चैंपियन (ऑल राउंडर) की तरह नज़र आते हैं। उन्होंने कहा पुष्कर सिंह धामी जब बैटिंग करते हैं पिच पर टिकना और चौके छक्के लगाना जानते हैं। उन्होंने कहा पुष्कर सिंह धामी जब बोलिंग करते हैं तो अच्छों- अच्छों के विकेट उखाड़ देते हैं। उन्होंने कहा पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में सारी राजनीतिक पार्टियों को आउट कर दिया है। उन्होंने सभी से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को भारी मतों से विजय बनाकर सदन में भेजने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का देवभूमि की जनता की ओर से काशीपुर आगमन पर हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से सबको पता है कि पुनः भाजपा की सरकार बनने वाली है और मोदी जी ही प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। उन्होंने कहा नैनीताल लोक सभा सीट की जनता जनार्दन ने अजय भट्ट को पुनः जिताने का मन बनाया है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से निश्चित ही नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट सहित देवभूमि की पांचों सीटें, लक्ष्य को प्राप्त करने में सभी अपना योगदान देंगे।


Leave a comment