उत्तराखंड में आज लोकसभा की पांच सीटों के लिए मतदान हो रहा है। कई जगहों पर लोग लाइन में कतार में खड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं तो कुछ स्थानों पर लोग इस लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर रहे है।
उत्तराखंड के 83 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार से पांच लोकसभा उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। पांच लोकसभा चुनावों के लिए 55 उम्मीदवार मैदान में हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। इसके अलावा सभी कैबिनेट मंत्रियों ने भी अपना मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर एक बजे तक राज्य में 37 प्रतिशत से ज्यादा का मतदान हो चुका है।
राज्य का कुल औसत – 37.33
नैनीताल- 40.46
हरिद्वार – 39.41
अल्मोड़ा – 32.60
टिहरी – 35.29
गढ़वाल – 36.60

गढ़वाल क्षेत्र से लोकसभा के प्रत्याशी अनिल बलूनी ने आज मतदान से पहले पौड़ी में कंडोलिया मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की और कंडोलिया देवता से सभी के लिए सुख समृद्धि की कामना की। उसके बाद वह मतदान के लिए प्रस्थान हुए, उन्होंने लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वह अपना मताधिकार का उपयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण दिन है। आप भारत की सरकार चुनने जा रहे हैं। आप भारत के महान लोकतंत्र को और मजबूत बनाने जा रहे हैं।

हरिद्धार से लोकसभा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी सभी लोगों से अपना मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले मतदान फिर जलपान! त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में परिवार के साथ मतदान किया। मेरा और मेरे परिवार का वोट विकसित भारत के निर्माण के लिए है।

रक्षा एवं पयर्टन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आज देवभूमि उत्तराखंड के साथ-साथ देश के 21 राज्यों की 102 सीटों पर पहले चरण का मतदान हो रहा है। इस महापर्व में आज मैंने बूथ संख्या 135, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सदर बाजार रानीखेत पर, अपना बहुमूल्य मतदान कर दिया है। उन्होंने लोगों से भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।


Leave a comment