जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय ने वर्ष 2023-24 की एनआईआरएफ रैंकिंग में ऊंची छलांग लगाते हुए देश के 100 सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में अपना स्थान बनाया है। इतना ही नहीं देश के कृषि श्रेणी के विश्वविद्यालयों में अपने पूर्व के आठवें स्थान को भी बरकरार रखने में सफलता हासिल की है।
नेशनल इंस्टीट्यूशनल रेंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) ने देश के लगभग 1200 विश्वविद्यालयों की रेंकिंग जारी कर दी है। जिसके तहत पंतनगर विवि ने देश के विश्वविद्यालयों की ओवर ऑल रेंकिंग में 88वां स्थान हासिल करने में सफलता हासिल की है।

पिछले लगभग एक दशक से पंत विवि टॉप-100 में जगह नहीं बना पा रहा था। वहीं देश में राज्य सरकार के अधीन विश्वविद्यालयों की श्रेणी में पंत विवि ने 38वां स्थान हासिल किया है। इसके अलावा देश में कृषि श्रेणी के विश्वविद्यालयों में पंत विवि ने अपना पूर्व का 8वां स्थान भी बरकरार रखा है।

जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में एक है। यहां के वैज्ञानिक और छात्र इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। वैज्ञानिकों और छात्रों के सहयोग से प्रकाशित शोध पत्रों का देश के अन्य विश्वविद्यालयों से तुलना में सर्वश्रेष्ठ होने के कारण पंतनगर विवि देश के टॉप-10 विश्वविद्यालयों में शुमार होता है।

कुलपति डॉ मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में एक हैं यहां के वैज्ञानिक और छात्र हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ मनमोहन सिंह चौहान, कुलसचिव डॉ दीपा विनय, निदेशक शोध व अन्य अधिकारियों ने सभी वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी है।

गौरतलब रहे कि इस साल देश के उच्च शिक्षण संस्थानों को 13 श्रेणियों में सूचीबद्ध किया गया है। ये श्रेणियां इस प्रकार से हैं – ओवरऑल, यूनिवर्सिटी, मेडिकल, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, लॉ, आर्किटेक्चर, कॉलेज, रिसर्च इंस्टीट्यूट, फार्मेसी, डेंटल, एग्रीकल्चर और संबंधित क्षेत्र, और इनोवेशन। पिछले साल 5 हजार से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों ने इस सूची में जगह बनाने के लिए हिस्सा लिया था।


Leave a comment