कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता और देश के 14वें प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 92 साल की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। कांग्रेस पार्टी ने अपने तमाम कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर सेहत को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान और कई शीर्ष नेता अस्पताल पहुंचे हैं।
डॉ मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे इससे पहले वह भारत के वित्त मंत्री और रिजर्व बैंक के गवर्नर भी रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उनके निधन पर शोक प्रकट किया है।
पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक
पीएम मोदी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा- भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक, डॉ मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।
भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है उन्होंने ट्वीट किया पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!
संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के प्रति रहे समर्पित
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के प्रति समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।


Leave a comment