उत्तराखंड में जगह-जगह होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास पर भी आज जमकर होली खोली गई। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी का भी अलग अंदाज देखने को मिला। सीएम धामी ने ढोल गले में लटका प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ खूब ठुमके लगाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही उनकी पत्नी गीता धामी ने खूब होली खेली। उन्होंने कहा कि होली रंग और उल्लास के त्योहार के साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हर्षाेल्लास के वातावरण में मनाया जाने वाला यह पर्व सामाजिक समरसता तथा एकता की भावना को भी मजबूत बनाता है।

इस अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के विविध रंग दिखाई दिए। गढ़वाल, कुमाऊं, जौनसार, थारू सहित विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों ने अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार मनाई जाने वाली होली का शानदार प्रदर्शन किया। पारंपरिक होली गायन, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और उसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे होली के इस पावन पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और समाज में प्रेम, भाईचारे एवं शांति का संदेश दें।
इस कार्यक्रम में मंत्रीगणों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। सभी अतिथियों ने मुख्यमंत्री को टीका लगाया और उनके साथ मिलकर रंग-गुलाल खेला।


Leave a comment