गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंटन सेंटर को उत्कृष्ट प्रशिक्षण स्तर, प्रशासनिक दक्षता और अनुकरणीय सेवा के लिए जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, मध्य कमान द्वारा प्रतिष्ठित यूनिट साइटेशन से सम्मानित किया गया।
गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर को यह सम्मान भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में केंद्र के उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
मध्य कमान द्वारा आयोजित भव्य अलंकरण समारोह में यह सम्मान औपचारिक रूप से प्रदान किया गया। समारोह में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, जवानों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने इस उपलब्धि को और अधिक गौरवपूर्ण बना दिया। यह सम्मान केंद्र की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।
सैनिकों के सर्वांगीण विकास शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और युद्धक कौशल के प्रशिक्षण में केंद्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आधुनिक सैन्य तकनीकों और पारंपरिक मूल्यों के संतुलन के साथ प्रशिक्षण प्रदान कर केंद्र ने उच्च मानकों की स्थापना की है। अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास पर विशेष बल देकर यहां तैयार किए गए सैनिक राष्ट्र सेवा में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
भूतपूर्व सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण के प्रति भी केंद्र की प्रतिबद्धता सराहनीय रही है। पुनर्वास, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक सहयोग के माध्यम से केंद्र ने सैनिक परिवारों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का परिचय दिया है।
इस वर्ष देशभर के मिलिट्री स्टेशनों में लैंसडाउन को बेस्ट, क्लीन ग्रीन व सतत विकास प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त होना भी केंद्र की समग्र कार्यक्षमता का प्रमाण है। इसके अतिरिक्त, छावनी चिकित्सालय लैंसडाउन को रक्षा मंत्रालय द्वारा रक्षा मंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जो यहां की स्वास्थ्य सेवाओं के उच्च स्तर को दर्शाता है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व वर्ष 2015 और 2021 में भी केंद्र को जीओसी-इन-सी मध्य कमान का यूनिट साइटेशन प्राप्त हो चुका है। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन इस प्रतिष्ठान की परंपरा और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने सभी रैंकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयास, समर्पण और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने इसे भविष्य में और अधिक ऊर्जा व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा बताया।
यह उपलब्धि न केवल केंद्र, बल्कि पूरे क्षेत्र और भारतीय सेना के लिए गर्व का विषय है। एक बार फिर केंद्र ने अपनी उत्कृष्टता, निष्ठा और राष्ट्र सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को सिद्ध कर दिया है।







