उत्तराखंड में मानसून के कारण धीमी पड़ी चारधाम यात्रा अब सितंबर के मध्य से फिर रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। हेली सेवाओं का संचालन 15 सितंबर 2026 से शुरू होगा, जबकि इसके लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 7 सितंबर से शुरू की जाएगी।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन के अनुसार, मौसम पूर्वानुमान में 15 सितंबर के आसपास मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए और डीजीसीए की अनुमति के बाद सरकार ने हेली सेवाओं के दूसरे चरण के संचालन का फैसला लिया है। शुरुआती चरण में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग स्लॉट खोला जाएगा। इसके बाद मांग और परिस्थितियों के अनुसार आगे के स्लॉट जारी किए जाएंगे।
श्रद्धालु हेली टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक हेली यात्रा वेबसाइट के माध्यम से कर सकेंगे। केदारनाथ धाम के लिए इस वर्ष गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से हेली सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। गुप्तकाशी से केदारनाथ का राउंड ट्रिप किराया जीएसटी सहित 12,762 रुपये, फाटा से 10,164 रुपये और सिरसी से 6,390 रुपये निर्धारित किया गया है।
केदारनाथ धाम के लिए कुल आठ हेली ऑपरेटर सेवाएं देंगे। इनमें ट्रांस भारत एविएशन और चिपसन एविएशन गुप्तकाशी से, जबकि यूनाइटेड हेलीचाटर्स, थंबी एविएशन, राजस एयरोस्पोर्ट्स एंड एडवेंचर्स और पिल्ग्रीमेज एविएशन फाटा से सेवाएं संचालित करेंगे। एरो एयरक्राफ्ट और हिमालयन हेली सिरसी से उड़ानें संचालित करेंगे। अलग-अलग ऑपरेटरों द्वारा प्रतिदिन निर्धारित संख्या में शटल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वहीं, बदरीनाथ धाम के लिए गौचर से हेली सेवाओं का संचालन भी 15 सितंबर से शुरू किया जाएगा। चारों धाम गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ के लिए चार्टर हेली सेवाएं देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट से संचालित होती रहेंगी।
अधिकारियों के मुताबिक, हेली यात्रा के पहले चरण में करीब 67 हजार यात्रियों ने केदारनाथ शटल हेली सेवाओं का लाभ उठाया। इसके अलावा चारधाम यात्रा के लिए संचालित चार्टर सेवाओं के जरिए करीब 11,500 श्रद्धालुओं ने यात्रा की। दूसरे चरण में भी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
हेली सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केदारनाथ धाम के लिए सीतापुर में अस्थायी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) व्यवस्था स्थापित है। बदरीनाथ धाम में स्थायी एटीसी स्थापित करने का काम जारी है और 1 अक्टूबर से इसके संचालन की योजना है। वहीं, केदारनाथ हेलीपैड के समीप भी स्थायी एटीसी स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसे अगले यात्रा सीजन से पहले शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में हेली सेवाओं की बहाली से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मानसून के बाद मौसम में सुधार के साथ यात्रा गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। ऐसे में 7 सितंबर से शुरू होने वाली ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर श्रद्धालुओं की नजर रहेगी।








Leave a Comment
Your email address will not be published. Required fields are marked with *