Home सरोकार बिलखेत में 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर शुरू, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
सरोकार

बिलखेत में 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर शुरू, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद

नयारघाटी के बिलखेत में एयरो स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर शुरू हो गया है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की ओर से आयोजित इस शिविर का शुभारंभ बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। एक अक्टूबर से शुरू हुआ यह शिविर 30 अक्टूबर तक चलेगा। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे 20 प्रशिक्षणार्थी पैराग्लाइडिंग अभ्यास में प्रतिभाग कर रहे हैं।

 

शुभारंभ अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि बिलखेत क्षेत्र में एयरो स्पोर्ट्स की असीमित संभावनाएं मौजूद हैं। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां और प्राकृतिक वातावरण पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के लिए अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बिलखेत में राष्ट्रीय स्तर का पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान विकसित करने की कार्यवाही भी गतिमान है।

विधायक ने कहा कि एयरो स्पोर्ट्स के विस्तार से क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि साहसिक पर्यटन के बढ़ने से पैराग्लाइडिंग के अलावा होटल, होम-स्टे, परिवहन, खानपान और अन्य पर्यटन गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों की आय के साधन बढ़ने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि नयारघाटी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई अन्य योजनाओं पर भी काम चल रहा है। नयार नदी में एंग्लिंग और बोटिंग जैसी गतिविधियों को विकसित करने की योजनाएं पाइपलाइन में हैं। इन योजनाओं के धरातल पर आने से क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन आधारित गतिविधियों का विस्तार हो सकता है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि 30 दिवसीय अभ्यास शिविर में यूटीडीबी के पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ बलवंत कपकोटी के निर्देशन में प्रशिक्षणार्थी नियमित अभ्यास करेंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को पैराग्लाइडिंग से जुड़ी तकनीकी बारीकियों की जानकारी देने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थियों को सुरक्षित उड़ान और लैंडिंग से संबंधित आवश्यक तकनीकों का अभ्यास कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान प्रशिक्षणार्थी ढाढ़ूखाल से टेक-ऑफ करेंगे और बिलखेत के समीप स्थित मैदान में लैंडिंग करेंगे। निर्धारित स्थान पर नियमित उड़ान अभ्यास के माध्यम से प्रतिभागियों को स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप पैराग्लाइडिंग तकनीक समझने का अवसर मिलेगा।

शिविर में टिहरी, भीमताल, देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 20 प्रशिक्षणार्थी हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए युवाओं को पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में अपनी दक्षता विकसित करने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे अभ्यास शिविर भविष्य में क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को मजबूत करने में सहायक साबित हो सकते हैं।

शुभारंभ कार्यक्रम में पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ विक्रम सिंह नेगी, किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद के सदस्य राकेश नौडियाल, ग्राम प्रधान बिलखेत रश्मि देवी, प्रशिक्षक बलवंत कपकोटी सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में एयरो स्पोर्ट्स और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को इससे जोड़ने पर जोर दिया गया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

1 अक्टूबर से उत्तराखंड में शुरू होगी मिलेट्स की खरीद, मंडुवा का मिलेगा ₹52.05 प्रति किलो भाव

उत्तराखंड में मिलेट्स की खरीद एक अक्टूबर से शुरू होगी। राज्य सरकार...

उत्तराखंड में नशा तस्करों पर कसेगा शिकंजा, सूचना देने वालों को मिलेगा 2.40 लाख रुपये तक इनाम

उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को अब कार्रवाई...

सहकारिता से मजबूत होंगे गांव, समृद्ध होगा उत्तराखंड: सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सहकारिता उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था...