Home शिखर पर उत्तराखंडी KBC के मंच पर छाई उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देहरादून के लोकेंद्र सोनी ने अमिताभ बच्चन को भेंट की पहाड़ी टोपी
शिखर पर उत्तराखंडी

KBC के मंच पर छाई उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देहरादून के लोकेंद्र सोनी ने अमिताभ बच्चन को भेंट की पहाड़ी टोपी

लोकप्रिय टेलीविजन क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के मंच पर देहरादून के लोकेंद्र सोनी ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा की अनूठी छाप छोड़ी। पारंपरिक पहाड़ी पहनावे में कार्यक्रम में पहुंचे लोकेंद्र ने बॉलीवुड के महानायक और शो के होस्ट अमिताभ बच्चन को पहाड़ी टोपी भेंट की। उनकी इस पहल ने केबीसी के मंच पर उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को एक खास अंदाज में प्रस्तुत किया।

 

भले ही लोकेंद्र हॉट सीट तक पहुंचने में सफल नहीं हो सके, लेकिन हॉट सीट के लिए हुए मुकाबले में अंतिम दो प्रतिभागियों तक पहुंचना उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही। कार्यक्रम का प्रसारण 12 अक्टूबर को रात नौ बजे किया गया। लोकेंद्र की इस उपलब्धि से देहरादून सहित उत्तराखंड के लोगों के बीच खुशी का माहौल है।

तीन चरण पार कर केबीसी तक पहुंचे लोकेंद्र

देहरादून के टीएचडीसी कॉलोनी, देहराखास निवासी लोकेंद्र सोनी ने केबीसी तक पहुंचने के लिए कठिन चयन प्रक्रिया के तीन चरण पार किए। उन्होंने बताया कि सबसे पहले उन्हें टेलीफोन के माध्यम से चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इसके बाद कंप्यूटर आधारित चरण पूरा किया और फिर लखनऊ में आयोजित चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

इन सभी चरणों में सफलता हासिल करने के बाद लोकेंद्र शीर्ष 10 प्रतिभागियों में शामिल हुए। इसके बाद हॉट सीट तक पहुंचने के लिए हुए मुकाबले में उन्होंने अंतिम दो प्रतिभागियों में अपनी जगह बनाई। हालांकि, इस चरण में वह हॉट सीट पर नहीं पहुंच पाए, लेकिन राष्ट्रीय स्तर के लोकप्रिय कार्यक्रम में यहां तक पहुंचना उनके लिए यादगार अनुभव बन गया।

पहाड़ी टोपी देखकर खुश हुए अमिताभ बच्चन

कार्यक्रम के दौरान लोकेंद्र सोनी गहरे मैरून रंग की पारंपरिक पहाड़ी टोपी पहने नजर आए। उन्होंने अमिताभ बच्चन को भी यह टोपी भेंट की। टोपी देखकर अमिताभ बच्चन काफी प्रसन्न हुए और उन्होंने इसे पहनने की इच्छा भी जताई। इस दौरान मंच पर उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली।

लोकेंद्र ने बताया कि अमिताभ बच्चन पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल को सहज और खुशनुमा बनाए रखते हैं। प्रतिभागियों से बातचीत करते समय उनका अंदाज बेहद सहज और मजाकिया रहता है। बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने लोकेंद्र से मजाकिया अंदाज में पूछा, “भाई साहब, आपने कभी इश्क किया है?” उनके इस सवाल ने कार्यक्रम के माहौल को और भी रोचक बना दिया।

उत्तराखंड की पहचान को मिला मंच

लोकेंद्र सोनी की केबीसी में भागीदारी केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रही। पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा और अमिताभ बच्चन को पहाड़ी टोपी भेंट करने के जरिए उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया।

उनकी यह उपलब्धि बताती है कि बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अपनी क्षेत्रीय पहचान और परंपराओं को भी सामने रखा जा सकता है। हॉट सीट तक नहीं पहुंचने के बावजूद लोकेंद्र सोनी ने अपने अनूठे अंदाज से कार्यक्रम में उत्तराखंड की छाप छोड़ी।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

गुलदार के हमले के सामने नहीं झुकीं बागेश्वर की प्रेमा और हेमा, दराती से खदेड़ा; मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी ग्रामीणों...