Home उत्तराखंड न्यूज़ डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प
उत्तराखंड न्यूज़

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

उत्तराखंड को सोमवार को नए राज्यपाल मिल गए। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने 19 अक्टूबर को देहरादून स्थित लोक भवन में राज्यपाल पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुई। कार्यक्रम से पहले मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से जारी नियुक्ति पत्र पढ़कर सुनाया। इसके बाद डॉ. बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ ली। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। शपथ लेने के बाद नए राज्यपाल ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से दिए गए सम्मान गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया था। मध्य प्रदेश निवासी डॉ. बिसेन रविवार शाम ही देहरादून पहुंच गए थे। उन्होंने राज्य की जिम्मेदारी मिलने पर देश के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया और देवभूमि उत्तराखंड की जनता को नमन किया।

मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चार धामों के साथ आदि कैलाश और जागेश्वर धाम इस प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपने प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है।

उन्होंने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां के अनेक परिवारों के सदस्य देश की रक्षा के लिए सेना में सेवाएं देते हैं। प्रदेश की मातृशक्ति सशक्त और प्रेरणादायी है। यहां के युवा, किसान और समाज के अन्य वर्ग मेहनती हैं। इन सभी की भागीदारी से राज्य विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।

डॉ. बिसेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा।

राज्यपाल ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, पद की गरिमा बनाए रखना और राज्य सरकार तथा जनता के साथ मिलकर काम करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियां होंगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि ही उनका परम ध्येय रहेगा।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, गणेश जोशी समेत अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, राज्यलक्ष्मी शाह, योग गुरु स्वामी रामदेव और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

उत्तराखंड में 19 अक्टूबर को महानवमी पर सार्वजनिक अवकाश, मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं

उत्तराखंड में शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर...

उत्तराखंड में दिव्यांग युवाओं के लिए मुफ्त सिविल सेवा कोचिंग योजना शुरू, UPSC-UKPSC की करेंगे तैयारी

उत्तराखंड सरकार ने दिव्यांग युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं...