पदयात्रा की शुरुआत श्रीनगर स्थित रोडवेज डिपो से हुई। यहां से मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का काफिला राष्ट्रीय राजमार्ग तथा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने नेताओं का स्वागत किया। पदयात्रा के समापन के बाद रामलीला मैदान में जनसभा आयोजित की गई, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता को संबोधित किया।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, गढ़वाल सांसद अनिल बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और सतपाल महाराज मौजूद रहे। इसके अलावा विधायक भरत चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, विधायक विनोद कंडारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उस पर प्रदेश में अराजकता का माहौल बनाने और राजनीतिक मुद्दों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास और जनादेश सर्वोपरि होता है। राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनता के हितों के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएं।
पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस की राजनीति और उसके विरोध के तरीकों पर सवाल उठाना रहा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए प्रदेश में भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। वहीं, भाजपा ने अपनी सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भी प्रदेश की राजनीति में लगातार बयानबाजी देखने को मिल रही है। भाजपा की ओर से इस संवेदनशील मामले पर राजनीति किए जाने को अनुचित बताया गया। पार्टी नेताओं का कहना रहा कि ऐसे गंभीर विषयों पर तथ्यों और न्याय की बात होनी चाहिए, न कि राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश।
श्रीनगर में आयोजित इस पदयात्रा को भाजपा के आगामी राजनीतिक अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गढ़वाल क्षेत्र में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच पार्टी ने एकजुटता और संगठनात्मक ताकत का संदेश देने का प्रयास किया। अब इस अभियान के जरिए भाजपा आने वाले दिनों में प्रदेशभर में कांग्रेस के खिलाफ अपनी राजनीतिक रणनीति को और धार देने की तैयारी में है।




Leave a comment