मुख्यमंत्री धामी ने मुलाकात के दौरान बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण का विषय भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रखा। धामी ने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के साथ ही पुराने पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन की सुविधा और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिहाज से बेहद जरूरी है। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि संबंधित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अधिकारियों तथा विभागों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित विवादों पर भी चर्चा हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप हुई प्रगति की समीक्षा की। साथ ही शेष मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और पहले लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर सहमति और जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय के चलते परिसंपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। दोनों राज्यों के बीच बेहतर तालमेल से लंबे समय से लंबित प्रकरणों को आगे बढ़ाने में सफलता मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष मामलों का भी आपसी सहमति और सहयोग से जल्द निस्तारण किया जाएगा।
धामी ने परिसंपत्ति विवादों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के साझा हितों और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए समाधान की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इस मुलाकात को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबित प्रशासनिक एवं परिसंपत्ति संबंधी मुद्दों को सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




Leave a comment