Saturday , 5 September 2026
Home ताज़ा ख़बर चारधाम यात्रा का लेकर सचिव पर्यटन ने की बैठक
ताज़ा ख़बरउत्तराखंड न्यूज़पर्यटन समाचार

चारधाम यात्रा का लेकर सचिव पर्यटन ने की बैठक

आज चारधाम यात्रा को लेकर सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल और उत्तराकाशी, चमोली, रूद्रप्रयाग के जिलाधिकारियों के बीच बैठक का आयोजन किया गया।  बैठक की शुरुआत चारधाम यात्रा पंजीकरण और पर्यटक केयर प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी टीम द्वारा प्रस्तुत विस्तृत प्रस्तुति से हुई। प्रस्तुति में ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली, भीड़ प्रबंधन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, हेल्पलाइन सेवाओं और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की तैयारियों की जानकारी साझा की गई। विशेष रूप से इस वर्ष प्रस्तावित सुदृढ़ और सुव्यवस्थित पंजीकरण व्यवस्था पर चर्चा हुई, ताकि तीर्थयात्रियों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सुविधा प्रदान की जा सके।

सचिव पर्यटन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा से पूर्व आवश्यक तैयारियों के लिए जनपदों को अग्रिम धनराशि समय पर जारी की जाए, ताकि आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और व्यवस्थाओं में कोई विलंब न हो। उन्होंने यात्रा मार्गों पर मूलभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, स्वच्छता, शौचालयों की समुचित व्यवस्था, विश्राम स्थलों (शेल्टर) के निर्माण एवं रखरखाव और पेयजल उपलब्धता पर विशेष बल दिया।

सुरक्षा और पर्यटन प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सचिव पर्यटन ने पर्यटक पंजीकरण पोर्टल की कार्यप्रणाली का तकनीकी टीम के साथ गहन परीक्षण किया। उन्होंने पोर्टल को अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल (User Friendly) और सर्वसुलभ बनाने के निर्देश दिए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों और विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल और सहज हो।

बैठक के दौरान सचिव पर्यटन ने प्रत्येक जिलाधिकारी के साथ पृथक रूप से चर्चा की और उनके जनपदों में यात्रा संबंधी तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्गों पर बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ विकास, सुगम आवागमन, यात्री सुविधा केंद्रों के उन्नयन और समन्वित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने इस अवसर पर कहा, ‘चारधाम यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक आत्मा का उत्सव है। हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक तीर्थयात्री को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय अनुभव प्राप्त हो। राज्य सरकार और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, आधारभूत सुविधाएं और तकनीकी व्यवस्थाएं सर्वोत्तम स्तर पर उपलब्ध हों। हमारा लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा 2026 सुगमता, पारदर्शिता और उत्कृष्ट प्रबंधन का उदाहरण बने।’

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध कार्ययोजना के अनुरूप तैयारियों को पूर्ण करें, ताकि आगामी चारधाम यात्रा राज्य की प्रशासनिक दक्षता और आतिथ्य परंपरा का आदर्श उदाहरण साबित हो।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...