भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के अधिकारियों को प्रशिक्षण देने वाली शीर्ष संस्था राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एनपीए) की पहली महिला निदेशक अरूणा बहुगुणा बन गई है।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की विशेष महानिदेशक अरुणा बहुगुणा को एनपीए का 28वां निदेशक बनाने का फैसला किया गया था। वह पहली आईपीएस अधिकारी हैं जिन्हें सीआरपीएफ का विशेष महानिदेशक पद दिया गया था। आंध्र प्रदेश कैडर की 1979 बैच की आइपीएस अफसर अरुणा फिलहाल दिल्ली में तैनात थी।
हैदराबाद स्थित 65 साल पुराने एनपीए को सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के नाम से भी जाना जाता है। गत नवंबर में सुभाष गोस्वामी को भारत-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आइटीबीपी) का महानिदेशक नियुक्त किए जाने के बाद से ही एनपीए निदेशक का पद रिक्त है।
अब तक सिर्फ पुरुष ही राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के निदेशक बनते रहे हैं लेकिन इस बार 56 वर्षीय अरुणा बहुगुणा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय पुलिस अकादमी गृह मंत्रालय के अधीन काम करता है और इसके प्रमुख खुद गृह सचिव होते हैं। अकादमी एक बोर्ड के अधीन काम करती है जिसमें आईएएस, आईपीएस और शिक्षाविद शामिल होते हैं।
हिलमेल ब्यूरो


Leave a comment