इस साल चारधाम यात्रा के लिए आनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है और अभी तक 68 यात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया है। चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थ यात्रियों एवं पर्यटकों की सुरक्षा एवं यात्रा को सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा मैसर्स त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम के सहयोग से निशुल्क फोटोमैट्रिक पंजीकरण की व्यवस्था की गयी है।
पर्यटन सचिव शैलेश बगोली ने बताया कि मैसर्स त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम द्वारा तीर्थ यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए गतवर्ष 2015 मंे प्रदेश के कुल 11 स्थानों रेलवे स्टेशन हरिद्वार, रोडवेज बस स्टैन्ड ऋषिकेश, हेमकुंड गुरूद्वारा ऋषिकेश, जानकीचट्टी, गंगोत्री, गुप्तकाशी, फाटा, सोनप्रयाग, केदारनाथ, पांडुकेश्वर एवं गोविन्दघाट में पंजीकरण केन्द्र स्थापित किये गए थे।
इस वर्ष इन पंजीकरण केन्द्रों की संख्या में वृद्धि करते हुए 3 नए स्थानों पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग हरिद्वार एवं उत्तरकाशी के हीना तथा दोबाटा में भी पंजीकरण केन्द्र खोले जाने की कार्यवाही गतिमान है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग हरिद्वार में पंजीकरण केन्द्र स्थापित कर दिया गया है जबकि हीना एवं दोबाटा में इंटरनेट उपलब्धता व अन्य आवश्यक व्यवस्थायें की जा रही हैं ताकि यात्रा आरम्भ होने से पूर्व इन 2 केन्द्रों पर भी फोटोमैट्रिक पंजीकरण कार्य प्रारम्भ किया जा सके।
पिछले साल कुल 11 पंजीकरण केन्द्रों में 35 काउन्टर्स लगाकर पंजीकरण कार्य किया गया था। इस वर्ष चारधाम यात्रियों की सम्भावित वृद्धि को मध्यनजर रखते हुए 15 अतिरिक्त काउन्टर्स स्थापित करने हेतु मैसर्स त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम द्वारा कार्यवाही की जा रही है इस प्रकार आगामी चारधाम यात्रा में 14 फोटोमैट्रिक पंजीकरण केन्द्रों के 50 काउन्टर्स के माध्यम से यात्री पंजीकरण का कार्य किया जायेगा।
इसके साथ ही देश विदेश के चारधाम आने वाले यात्रियों हेतु आॅनलाइन पंजीकरण की सुविधा 50 रू. प्रतिव्यक्ति की दर से पूर्व वर्षो की भांति सुलभ रहेगी। वर्तमान में रेलवे स्टेशन हरिद्वार, रोडवेज बस स्टैन्ड ऋषिकेश एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग में पंजीकरण काउन्टर्स संचालित हो रहे हैं। इन में पैदल चारधाम करने वाले 57 तीर्थ यात्रियों एवं साधुओं द्वारा अब तक पंजीकरण करवाया गया है। शेष 11 स्थानों पर 6-7 मई से फोटोमैट्रिक पंजीकरण कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा।
हिलमेल ब्यूरो


Leave a comment