भारतीय सेना ने सेवानिवृत्त सैनिक शिकायत समाधान पोर्टल का शुभारम्भ किया। इस पोर्टल का उद्घाटन सेनाध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह ने किया। सेना की इस पहल से सैनिक व उनके परिजनों की शिकायतें एक क्लिक पर संबंधित विभाग व एजेंसी के पास पहुंच सकेगी। इंटरनेट आधारित इस पोर्टल को नेशनल इंफोर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) ने डिजाइन व विकसित किया है।
यह पोर्टल सेना की उन तमाम पहलों में से एक है, जिनके माध्यम से भारतीय सेना हाल के दिनों में अपने सेवानिवृत्त सैनिकों व वीर नारियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सेवानिवृत्त सैनिक विशेष यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए अपनी सुविधानुसार इस वेबसाइट पर क्लिक करके सेवानिवृत्त सैनिक व उनके परिवारों से जुड़ी सेना की विभिन्न योजनाओं, फायदों आदि की जानकारी ले सकते हैं।
यह पोर्टल देशभर में सेना से संबंधित विभिन्न विभागों में सेवानिवृत्त सैनिकों की याचिकाओं की जानकारी व उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में भी जानकारी देने में सक्षम होगा। इस पोर्टल में एक स्वचालित जवाब व्यवस्था (ऑटोमेटेड रेस्पोंस फीचर) भी समाहित है, जो समय समय पर इन सेवानिवृत्त सैनिकों को उनकी शिकायतों व रुके हुए मामलों की वर्तमान स्थिति के बारे में ईमेल और मोबाइल पर संदेश भेजकर सूचित करेगा।
एवीजीएच पोर्टल सेवानिवृत्त सैनिकों व उनके परिजनों की जरूरतों और अपेक्षाओं को पूरा करने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। इस पोर्टल की सेवाएं www.indianarmyveterans.gov.in वेबसाइट के जरिए ली जा सकती हैं।
हिलमेल ब्यूरो


Leave a comment