हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी हिस्से में तीन दिनों तक हुई हिंसा में उत्तराखंड के भी एक युवक की जान चली गई। पौड़ी जिले के रहने वाले 19 साल के युवक का आग में झुलसा शव एक दुकान से बरामद हुआ है। रिश्तेदारों ने मृतक की पहचान दिलबर सिंह के रूप में की है, जो पौड़ी में रोखरा गांव के रहने वाले थे।
पौड़ी के एसएसपी दलजीत सिंह कुंवर ने मीडिया को बताया कि युवक के परिवार से किसी ने भी पुलिस से संपर्क नहीं किया है लेकिन जानकारी मिली है कि युवक दिल्ली में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहा था। उसका परिवार पहले ही दिल्ली के लिए निकल गया है। माना जा रहा है कि उसका अंतिम संस्कार दिल्ली में ही किया जाएगा।
कुछ रिपोर्टों में बताया जा रहा है कि दिलबर सिंह जिस बेकरी में काम करते थे उसी गोदाम में सो रहे थे जब उपद्रवियों ने उसे जला दिया। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। वह शाहदरा में रह रहे थे। बुधवार को उनका आग में झुलसा शव जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी तलाश में कुछ लोग पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी घटना से बेहद दुखी है।
आपको बता दें कि दिल्ली हिंसा में अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। अशांत इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति है।


Leave a comment