Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पेड़ पर चढ़ी महिला को लगा बिजली का करंट, देवदूत बनकर पहुंची उत्तराखंड पुलिस
उत्तराखंड न्यूज़

पेड़ पर चढ़ी महिला को लगा बिजली का करंट, देवदूत बनकर पहुंची उत्तराखंड पुलिस

हिल मेल ब्यूरो, देहरादून

उत्तराखंड पुलिस की तत्परता से आज पेड़ पर बिजली के करंट से घायल हुई एक महिला की जान बच गई। मामला जनपद पौड़ी गढ़वाल के थाना रिखणीखाल का है। डायल 112 के माध्यम से पुलिस को खबर मिली थी कि वलशा मल्ला में 2 महिलाएं बाघ से बचने के लिए पेड़ पर चढ़ी थीं तभी एक महिला को करंट लग गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और आवश्यक उपकरणों के साथ एक टीम रवाना हो गई।

दरअसल, वलशा मल्ला की दोनों महिलाएं घास के लिए जंगल में गई थीं। घास काटते समय उन्हें बाघ दिखाई दिया। डर के मारे जान बचाने के लिए दोनों महिलाएं एक पेड़ पर चढ़ गईं। एक महिला पेड़ पर कुछ ज्यादा ऊपर चढ़ गई। उसी पेड़ के ऊपर से बिजली का तार गया था और ज्यादा ऊपर होने के कारण महिला बिजली के करंट की चपेट में आ गई।

गनीमत रही कि करंट के झटके से उनकी जान बच गई लेकिन वह घायल हो गईं। इसके बाद ही पुलिस तक सूचना पहुंची। पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही की और घायल महिला को बचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटना का वीडियो उत्तराखंड पुलिस ने फेसबुक पेज पर भी शेयर किया है।

https://www.facebook.com/uttarakhandpolice/videos/2422201524759803/

वीडियो में दिखाई देता है कि पुलिसकर्मी पेड़ की डालों को काटकर ऊपर चढ़े हैं और रस्सी की मदद से ऊपर फंसी महिला को सुरक्षित उतारा जाता है। घायल महिला लक्ष्मी देवी (54 वर्ष) को बचाने में कुल एक घंटे का समय लगा। उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और 108 के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

महिला के परिजनों और आसपास के लोगों ने उत्तराखंड पुलिस के मित्रवत रवैये की तारीफ की है। रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल पुलिस के जवानों को लोगों ने धन्यवाद दिया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...