उत्तराखंड में गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित करने के त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के फैसले के बाद राज्य में कई जगह जश्न मनाया जा रहा है। सत्ताधारी भाजपा के कई विधायकों और नेताओं ने बृहस्पतिवार को गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन परिसर में होली खेलकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह की इस घोषणा का जश्न मनाया। खुद सीएम रावत इस जश्न में शरीक हुए और विधायकों एवं कैबिनेट सहयोगियों के साथ होली खेली।
गैरसैंण में देरशाम दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल हुए और उन्होंने उत्तराखंड के वीर सपूतों एवं उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए बलिदान देने वाले आन्दोलनकारियों का स्मरण भी किया। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि उत्तराखंड की ग्रीष्माकालीन राजधानी गैरसैंण बनाए जाने की घोषणा के बाद लोगों ने दीपावली एवं होली मनाकर खुशी प्रकट की है। यह इस मुद्दे के साथ जुड़ी उनकी भावना को दर्शाता है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, पार्टी विधायकों एवं भाजपा नेताओं ने हिस्सा लिया।
इससे पहले, विधानसभा परिसर में सीएम ने अपने कैबिनेट के सहयोगियों के साथ मिलकर होली खेली। जनप्रतिनिधियों ने उत्तराखंड के लाखों लोगों के मन की मुराद पूरी करने के लिए सीएम का शुक्रिया अदा किया। उन्हें माला पहनाई गई और फिर अबीर-गुलाल का दौर शुरू हुआ, जो काफी देर तक चलता रहा।
Leave a comment