प्रवासी उत्तराखंडियों को देवभूमि के विकास के लिए एक मंच पर लाने की मुहिम में जुटे हिल-मेल फाउंडेशन ने एक फरवरी को नई दिल्ली में प्रवासी उत्तराखंडी मिलन समारोह 2020 का आयोजन किया। पिछले कई वर्षों की तरह इस साल भी अपनी तरह के अनोखे आयोजन में उत्तराखंड की कई प्रख्यात और प्रबुद्ध हस्तियों ने शिरकत की।
इनमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सीडीएस जनरल बिपिन रावत, पूर्व रॉ चीफ अनिल धस्माना, एयर इंडिया के सीएमडी अश्विनी लोहानी, एनटीआरओ के पूर्व चीफ आलोक जोशी, कोस्ट गार्ड के पूर्व महानिदेशक राजेंद्र सिंह, सैन्य सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अनिल भट्ट, नेशनल साइबर को-ऑर्डिनेशन सेंटर के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पंत, संघ के ब्रज क्षेत्र के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला, एनडीआरआई के निदेशक डा. मनमोहन सिंह चौहान, एयर मार्शल एमएस बुटोला डीजीएमएस (वायुसेना), एयर मार्शल वीपीएस राणा, मेजर जनरल डीके नौटियाल, मेजर जनरल रवि घिल्डियाल, मेजर जनरल जानकी पंत, भारतीय राजस्व सेवा के आलोक तिवारी, बिहार पुलिस में डीजी दिनेश बिष्ट, अडानी ग्रुप के एचआर हेड सुशील जोशी, आज तक के डिप्टी एडीटर मनजीत नेगी समेत रक्षा-सुरक्षा और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने उत्तराखंड में विकास की दशा-दिशा पर चर्चा की और अपने विचारों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
(सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, अजीत डोभाल, एयर मार्शल एमएस बुटोला, राजेंद्र सिंह व अन्य आगंतुक।)
इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड की प्रबुद्ध शख्सियतों को अपनी सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही हमारी सरकार तीन साल पूरे करने जा रही है, इस दौरान हमारी प्राथमिकता सुदूरवर्ती क्षेत्रों को विकास की धारा से जोड़ने पर रही है। हमने कई ऐसी योजनाएं शुरू की हैं, जिनसे पहाड़ में रहने वाले लोगों को लाभ मिले। स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक उपायों पर ध्यान दिया गया है। सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन के जरिये स्थानीय युवा आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रहे हैं।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार उत्पन्न कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि लोगों को पारंपरिक खेती के साथ जोड़े रखा जा सके। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि दिल्ली से बाहर रहने वाला प्रत्येक उत्तराखंडी अपने गृहराज्य की इस विकास यात्रा में भागीदार बनना चाहता है। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ राज्य के भविष्य के रोडमैप को लेकर अपने विचार भी साझा किए।
(हिल मेल फाउंडेशन द्वारा एनएसए अजीत डोभाल पर बनाई गई डॉक्युमेंट्री देखते अतिथि गण।)
कार्यक्रम के दौरान एनएसए अजीत डोभाल, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सीडीएस जनरल बिपिन रावत को हिलरत्न सम्मान प्रदान किया गया। उत्तराखंड के लिए अपने स्तर पर काम करने वाले पहाड़ के सभी सपूतों को भी हिल-मेल फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया गया।
प्रत्येक वर्ष की भांति ठेठ पहाड़ी थीम पर हुए कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड सदन के मैनेजर रंजन मिश्रा द्वारा पहाड़ी भोजन की व्यवस्था की गई।
इस आयोजन में यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (रिटा.) अजय कोठियाल और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रिंसिपल कर्नल अमित बिष्ट और बजाज समूह के सलाहकार टीसी उप्रेती का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान हिल-मेल द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री ‘राष्ट्रवाद का चाणक्य’ का प्रसारण भी किया गया। इसे उपस्थित लोगों द्वारा काफी सराहा गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के औद्योगिक सलाहकार केएस पंवार और आर्थिक सलाकार आलोक भट्ट भी उपस्थित रहे।


Leave a comment