Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून उत्तराखंड कैबिनेट के 23 बड़े फैसले, आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ा, हरिद्वार में दौड़ेगी पॉड टैक्सी
देहरादून

उत्तराखंड कैबिनेट के 23 बड़े फैसले, आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ा, हरिद्वार में दौड़ेगी पॉड टैक्सी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में युवाओं, महिलाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, कर्मचारियों, किसानों और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके बाद उन्हें राज्य सरकार की ओर से 5000 रुपये और केंद्र सरकार से मिलने वाले 5000 रुपये को मिलाकर कुल 10 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।

 

कैबिनेट ने वन आरक्षी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को भी राहत दी है। सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम यानी पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी दी गई है। हरिद्वार दर्शन नाम से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत कुल 21.08 किलोमीटर लंबे तीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनमें कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें 15 स्टेशन होंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर का होगा, जबकि तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबा होगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए नई नीति 2026 को मंजूरी दी गई है। इसके तहत ग्राम पंचायतों की भूमिका बढ़ाने और योजनाओं के बेहतर संचालन की व्यवस्था की जाएगी। सामाजिक सुरक्षा के दायरे को बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली 2026 भी प्रख्यापित करने का निर्णय लिया गया है। इससे संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए डीफार्मा के साथ बीफार्मा की योग्यता को भी मान्यता दी गई है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम के छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा संबंधी बॉण्ड को भी मंजूरी मिली है। इसके तहत संबंधित चिकित्सकों को पढ़ाई पूरी करने के बाद दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में दो वर्ष तक सेवाएं देनी होंगी।

इसके अलावा चीनी मिलों को गन्ना किसानों का समय पर भुगतान करने के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला मिलों को कुल 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी देने का निर्णय लिया गया। आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित होंगे। इनमें पांच उप आबकारी आयुक्त और छह सहायक आबकारी आयुक्त के पद शामिल हैं।

कैबिनेट ने ऋषिकेश के बापूग्राम आरक्षित वन की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति भी दी है। इसके अलावा भवन निर्माण नियमों में शिथिलता, भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में संशोधन, जिला खनिज फाउंडेशन शुल्क और महाधिवक्ता कार्यालय की सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई। एनएचआईडीसीएल को निर्माण कार्यों की सूची से हटाने का भी फैसला लिया गया।

इन फैसलों के जरिए धामी सरकार ने युवाओं, श्रमिकों, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई क्षेत्रों में बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

नागरिकों में अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्य बोध आवश्यक: त्रिवेंद्र

दून विश्वविद्यालय में आज 26 नवंबर को भारतीय संविधान दिवस के अवसर...

41 शिक्षकों के सम्मान के साथ संपन्न हुआ सातवां देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल

उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में आयोजित तीन दिवसीय सातवें...

ग्रामीण स्टार्टअप्स से बनेगा विकसित भारत का रास्ता, युवाओं को उद्यमिता और नवाचार से जोड़ने पर जोर

ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों, कृषि उत्पादों और स्थानीय संभावनाओं को उद्यमिता...