जानकारी के अनुसार, रविवार 22 नवंबर की देर शाम अंकिता के माता-पिता समाजसेवी योगिता भयाना के साथ देहरादून के राजपुर थाने पहुंचे। यहां उन्होंने विनोद आर्य और प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ मौजूद वकील के खिलाफ लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 15 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता से संबंधित कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की गईं। इन चैट के आधार पर अंकिता के माता-पिता और उसके दोस्त पर भी सवाल उठाए गए थे।
अंकिता के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है। ऐसे में उसकी निजी बातचीत को सार्वजनिक कर उसके चरित्र पर सवाल उठाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। उनका आरोप है कि इस तरह की गतिविधियों से उनकी बेटी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले में समाजसेवी योगिता भयाना ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता एफआईआर दर्ज कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। योगिता ने संबंधित वकील के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने उसका बार लाइसेंस रद्द करने की मांग भी की है।
राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट के अनुसार, अंकिता के माता-पिता ने 22 नवंबर की रात शिकायत दी थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए पौड़ी स्थानांतरित कर दिया है। फिलहाल शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया का इंतजार है।
**क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?**
पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीकोट डोभ गांव की रहने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास यमकेश्वर क्षेत्र स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी। रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों अंकित गुप्ता तथा सौरभ भास्कर पर अंकिता की हत्या का आरोप लगा था।
18 सितंबर 2022 को अंकिता की हत्या हुई थी। करीब पांच दिन बाद 24 सितंबर को उसका शव चीला नहर से बरामद किया गया। इस मामले में तीनों आरोपियों को निचली अदालत से दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई जा चुकी है।
अब अंकिता की कथित निजी चैट सार्वजनिक किए जाने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। माता-पिता की मांग है कि उनकी बेटी की गरिमा और प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।




Leave a comment