Home देश-विदेश भारत-नेपाल के रिश्तों को मिली नई मजबूती, छारछुम मोटर पुल का पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह ने किया उद्घाटन
देश-विदेश

भारत-नेपाल के रिश्तों को मिली नई मजबूती, छारछुम मोटर पुल का पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह ने किया उद्घाटन

भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच संपर्क और आपसी रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के छारछुम में भारत-नेपाल मैत्री मोटर पुल का विधिवत उद्घाटन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से इस पुल का लोकार्पण किया। इस पुल के शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।

 

छारछुम मोटर पुल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के छारछुम गांव को नेपाल के दार्चुला जिले के असिगाड़ा क्षेत्र से जोड़ता है। लंबे समय से सीमावर्ती क्षेत्र के लोग बेहतर सड़क संपर्क की मांग कर रहे थे। अब पुल के निर्माण से भारत और नेपाल के बीच आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगी। स्थानीय लोगों को आवागमन के लिए लंबा रास्ता तय करने की परेशानी से भी राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर खत्म होने से लोगों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे।

करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल की लंबाई 110 मीटर है। इसके निर्माण से दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी। अब तक कई स्थानों पर लोगों को नदी पार करने के लिए झूला पुलों का सहारा लेना पड़ता था। मोटर पुल शुरू होने से वाहनों के माध्यम से आवागमन संभव होगा, जिससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

पुल के उद्घाटन के अवसर पर छारछुम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसएसबी के डीआईजी एस. सुब्रमणियम, कस्टम्स कमिश्नर मयंक शर्मा और नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल सहित दोनों देशों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों के माध्यम से खुशी जाहिर की। ग्रामीणों ने पुल निर्माण और इसके शुभारंभ के लिए भारत तथा नेपाल सरकार का आभार व्यक्त किया।

पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल से सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा। इससे दोनों देशों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।

वहीं नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि मोटर पुल बनने से झूला पुलों पर निर्भरता कम होगी। वाहनों से आवाजाही होने के कारण लोगों का समय बचेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

उत्तराखंड में भारत-नेपाल के बीच यह दूसरा मोटरेबल पुल है। इसके शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन और आपसी संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना दोनों पड़ोसी देशों के पारंपरिक मैत्री संबंधों को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की शिष्टाचार भेंट

उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने बुधवार, 21 अक्टूबर को...

डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल, दुष्यंत गौतम को मिली सिक्किम की जिम्मेदारी

उत्तराखंड समेत देश के छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल...

सशक्त पंचायतें ही विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव: सीएम धामी ने दिया ‘मेरा गांव-मेरी जिम्मेदारी’ का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सशक्त पंचायतें ही विकसित उत्तराखंड...

उत्तराखंड बीजेपी से राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य कल करेंगे नामांकन, ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत

उत्तराखंड से राज्यसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी के घोषित प्रत्याशी...