Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून 41 शिक्षकों के सम्मान के साथ संपन्न हुआ सातवां देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल
देहरादून

41 शिक्षकों के सम्मान के साथ संपन्न हुआ सातवां देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल

उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में आयोजित तीन दिवसीय सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल का शनिवार को भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर नौवें टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें शिक्षा, शोध, नवाचार एवं अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 41 शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

 

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति के बिना किसी भी राष्ट्र का विकसित होना संभव नहीं है। भारत सरकार ने वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी दिशा में राज्य सरकारें भी अपने विजन एवं नीति दस्तावेज तैयार कर रही हैं। उत्तराखंड ने भी इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। उन्होंने शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, प्रोफेसरों एवं नवाचार के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों से विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप तथा यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) के कुलपति डॉ. सुनील रॉय को वाइस चांसलर ऑफ द ईयर सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा एक्सीलेंस इन रिसर्च, प्रिंसिपल ऑफ द ईयर और टीचर ऑफ द ईयर सहित विभिन्न श्रेणियों में कुल 41 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

पुरस्कार विजेताओं का चयन उच्चाधिकार प्राप्त स्क्रीनिंग एवं चयन समिति द्वारा किया गया। इस वर्ष समिति की अध्यक्षता उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ति ठाकुर ने की। 13 शिक्षाविदों एवं विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों वाली समिति ने गहन मूल्यांकन के बाद विजेताओं का चयन किया। इससे पूर्व यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों का अभिनंदन किया।

फेस्टिवल के अंतिम दिन उत्तराखंड साइंस मीडिया एंड कम्युनिकेटर्स मीट आयोजित हुई। इसमें सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद कर विज्ञान संचार की भूमिका और महत्व पर विचार साझा किए।

वहीं, ड्रोन टेक्नोलॉजी कार्यशाला में शासन के सचिव दीपक कुमार ने विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ ड्रोन तकनीक की संभावनाओं एवं उपयोगिता पर चर्चा की। जेबीआईटी इंस्टीट्यूट के सहयोग से ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों को ड्रोन उड़ाने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी दिखाया गया।

फेस्टिवल के अंतर्गत आयोजित मेडिटेक कॉन्क्लेव में प्रदेशभर के मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस एवं नर्सिंग विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। इसमें चिकित्सा और प्रौद्योगिकी के समन्वय पर चर्चा हुई। निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, जीआरडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष प्रतीक तथा फॉनिक्स विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष पांडे ने चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते प्रभाव और मेडिकल विशेषज्ञों एवं टेक्नोक्रेट्स के बीच सहयोग मजबूत करने की आवश्यकता पर विचार रखे।

इसके अतिरिक्त बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), कॉपीराइट एवं पेटेंट विषय पर कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। अंतिम दिन साइंस एंड टेक्नोलॉजी एग्जिबिशन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ति ठाकुर, डीएवी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना और कुमाऊं विश्वविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन के ललित तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

ग्रामीण स्टार्टअप्स से बनेगा विकसित भारत का रास्ता, युवाओं को उद्यमिता और नवाचार से जोड़ने पर जोर

ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों, कृषि उत्पादों और स्थानीय संभावनाओं को उद्यमिता...

राज्य स्थापना दिवस पर धामी सरकार ने जारी किया रिपोर्ट कार्ड, विकास पुस्तिका-2026 में गिनाईं उपलब्धियां

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने...